छत्तीसगढ़

राजीव भवन में कांग्रेसियों ने किए एक-दूसरे के मुंह मीठे, खैरागढ़ में कांग्रेस की जीत लगभग तय

Nil dhankar
16 April 2022 12:18 PM IST
राजीव भवन में कांग्रेसियों ने किए एक-दूसरे के मुंह मीठे, खैरागढ़ में कांग्रेस की जीत लगभग तय
x

रायपुर। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शनिवार सुबह 8 बजे से जारी है। कांग्रेस उम्मीदवार यशोदा वर्मा शुरू से बढ़त बनाए हुए हैं। 7 वें राउंड की गिनती तक वह 9000 वोटों से आगे चल रही हैं। वहीं कांग्रेसियों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेसी एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मना रहे हैं। पहले राउंड से ही उनके वोट की मार्जिन बढ़ती जा रही है। BJP प्रत्याशी कोमल सिंह जंघेल अभी भी दूसरे नंबर पर हैं। जबकि JCCJ उम्मीदवार नरेंद्र सोनी, निर्दलीय कैंडिडेट से भी पीछे चल रहे हैं। दोपहर बाद 2 बजे तक तस्वीर साफ हो जाने की संभावना है। मतगणना 21 चरणों में होगी। इसके लिए ढाई सौ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पांचवां राउंड पूरा होने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार यशोदा वर्मा 6603 वोटों से आगे चल रही थीं।

इससे पहले चौथे राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद यशोदा वर्मा करीब 5 हजार वोटों से आगे थीं। तीसरे राउंड में 3704, दूसरे राउंड में 2557 और पहले राउंड में 1175 वोटों से आगे थीं। पहले राउंड की गिनती में कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा को 3068 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल को 2693 मत मिले हैं। राजनांदगांव शहर स्थित बीज एवं कृषि विकास निगम के एक गोदाम को मतगणना केंद्र बनाया गया है। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की गई है, इसके बाद EVM से पड़े वोटों को गिना जा रहा है।

Next Story