छत्तीसगढ़

कांग्रेस नेत्री ने अवैध कृत्यों पर अंकुश लगाने एसपी को सौंपा ज्ञापन

Nilmani Pal
13 Dec 2022 9:50 AM GMT
कांग्रेस नेत्री ने अवैध कृत्यों पर अंकुश लगाने एसपी को सौंपा ज्ञापन
x

मुंगेली। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जुआ, सट्टा, अवैध शराब विक्रय जैसे अवैध धंधों की बाढ़ सी आ गई है। बच्चे और युवा बुरी लतों का शिकार बन अपने भविष्य को अंधकारमय बनाते जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ शासन के अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की सदस्य एवं महिला कांग्रेस छ्ग की प्रदेश महासचिव रत्नावली कौशल ने इन अवैध कारोबारों पर अंकुश लगाने की मांग करते हुए मुंगेली के जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है।

अनुसूचित जाति कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रत्नावली कौशल ने बताया कि मुंगेली जिले के अधिकांश थाना क्षेत्रों के अधीन गांवों और शहरों में जुआ, सट्टे का कारोबार खूब चल रहा है। शराब का अवैध विक्रय धड़ल्ले से हो रहा है। युवा, बच्चे और बुजुर्ग भी इन बुरी लतों के आदी होते जा रहे हैं। सट्टा नंबर लिखाने और जुआ खेलने में बच्चे भी पीछे नहीं रह गए हैं। सहज सुलभ होने से लोग शराब के दीवाने हो गए हैं। सट्टा, जुआ खेलने तथा शराब पीने के लिए लोग अपने घरों का सामान, धान, जेवर आदि बेचने लगे हैं। घर घर में कलह बढ़ गई है। महिलाएं घरेलू हिंसा का शिकार बन रही हैं। अनेक परिवार बिखर चुके हैं। वहीं इन व्यसनों को पूरा करने के लिए कई लोग चोरी, लूट जैसी घटनाओं को भी अंजाम देने लगे हैं। सुश्री कौशल ने बताया है कि अनेक दवा दुकानों में प्रतिबंधित नशीली दवाओं का विक्रय भी धड़ल्ले से चल रहा है। हिन्द सेना महिला ब्रिगेड राष्ट्रीय अध्यक्ष रत्नावली कौशल ने इन तमाम बिंदुओं की ओर पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकर्षित कराते हुए उनसे आग्रह किया है कि इन सभी सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया जाए। उन्होंने थानों में लंबित मामलों का निराकरण त्वरित गति से कराने तथा अनसुलझे आपराधिक मामलों को सुलझाने का आग्रह भी पुलिस अधीक्षक से किया है। सुश्री कौशल ने कहा है कि हर पुलिस थाने में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना भी कराई जानी चाहिए तथा महिलाओं से जुड़े अपराधों की विवेचना महिला पुलिस अधिकारियों से ही कराई जानी चाहिए। इससे पीड़ित महिलाएं अधिकारी को अपनी आपबीती खुलकर बता सकेंगी।

Next Story