छत्तीसगढ़

बूथ कार्यकर्ताओं के दम पर फिर बनेगी कांग्रेस सरकार

jantaserishta.com
12 Aug 2023 5:38 AM GMT
बूथ कार्यकर्ताओं के दम पर फिर बनेगी कांग्रेस सरकार
x
संकल्प शिविर में सीएम भूपेश ने भरा जोश.
जसेरि रिपोर्टर
रायपुर। कांग्रेस के संकल्प शिविर की शुरुआत रायपुर पश्चिम और रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को हुई। संकल्प शिविर में टिकट के दावेदारों ने शक्ति प्रदर्शन के साथ जय श्रीराम के नारे भी लगाए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिविर में पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि देश में दो विचारधारा चल रही है।
कांग्रेस की विचारधारा लोगों को जोडऩे, भाईचारे को बढ़ाने की है, जबकि दूसरी तरफ नफरत फैलाने वाले लोग हैं। प्रदेश में हमें सिर्फ सत्ता के लिए नहीं, बल्कि भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में बूथ के कार्यकर्ताओं के दम पर सरकार बनी। अबकी बार 75 पार का लक्ष्य है।
कांग्रेस ने संकल्प शिविर की शुरुआत कांग्रेस विधायकों वाली सीट से किया। दोनों सीट पर एक दर्जन से ज्यादा दावेदारों ने दमदारी के साथ उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्यमंत्री बघेल ने रायपुर पश्चिम में शंख बजाकर शिविर की शुरूआत की। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे बूथ कार्यकर्ताओं को सीएम बघेल ने बताया कि ऐसा कोई वर्ग नहीं है, जिसके लिए सरकार ने योजनाएं नहीं बनाई।
एक कदम आगे बढ़ते हुए उन्होंने कहा कि हर वर्ग के साथ हर घर के लिए सरकार की योजनाएं हैं और उसका लाभ भी लोग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में शंकराचार्य से लेकर बाबा गुरु घासीदास का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा सबको साथ लेकर चलने की है।
कुमारी सैलजा ने कहा चुनावी बिगुल बज चुका है
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि चुनावी शंखनाद के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है और यह मान लीजिए के चुनावी बिगुल बज चुका है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मान-सम्मान मांगता है और हर कार्यकर्ता को सम्मान दिया है, इसी मान-सम्मान की वजह से आत्मविश्वास पैदा होता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लाख कोशिश करें लेकिन कांग्रेस पार्टी की जड़ इस देश और समाज से कभी कमजोर नहीं हो सकती।
सैलजा ने बताया कांग्रेस के पास पास 3 चीजें है।
- नेतृत्व- राहुल गांधी, सोनिया गांधी ,अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और प्रियंका गांधी हमारा नेतृत्व है।
- नीति - हमारे पास विचारधारा है कांग्रेस, कांग्रेस की विचारधारा का कोई तोड़ नहीं।
- तीसरी ताकत कार्यकर्ता-कुमारी सैलजा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि तीसरी ताकत आप हैं। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खडग़े की सेना है, सबको लेकर साथ चलते हैं और काम करते हैं।
फिर से सरकार बनाने का संकल्प
रायपुर उत्तर विधानसभा में कांग्रेस ने संकल्प शिविर का आयोजन किया। जहां सीएम भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी सैलजा, पीसीसी चीफ दीपक बैज ने संभोधित किया। कृषि उपज मंडी में हुए शिविर में हजारों कार्यकर्ता पहुंचे। जहां विधायक कुलदीप जुनेजा के समर्थन में नारे भी लगे। कार्यकर्ताओं और विधायक कुलदीप जुनेजा ने फिर से कांग्रेस सरकार बनाने का संकल्प लिया।
दक्षिण विधानसभा में कांग्रेस का हितग्राही कार्ड अभियान
रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के दूधाधारी सत्संग भवन में हितग्राही कार्ड अभियान की जानकारी देने प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। आयोजन में सुशील सन्नी अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का 56 लाख घरों तक पहुंचने का लक्ष्य है। इसी के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। अग्रवाल ने कहा कि हितग्राही कार्ड अभियान के अंतर्गत रायपुर दक्षिण विधानसभा के 19 वार्डों के कांग्रेस के पार्षद और संगठन के पदाधिकारी संकल्प लेंगे। लोगों को बताएंगे कि सरकार ने उनके लिए क्या किया है। डोर टू डोर प्रोगाम में सभी को शामिल होने का आह्वान किया गया है। इस दौरान गिरीश दुबे, देवेन्द्र यादव, सतनाम पनाग, उत्तम साहू, श्रीमती नीलम जगत, नवीन चन्द्राकर, प्रशांत ठेंगड़ी मौजूद रहे।
स्मृति ईरानी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
रायपुर में यूथ कांग्रेस ने स्मृति ईरानी के खिलाफ प्रदर्शन किया। उत्तर विधानसभा उपाध्यक्ष नवाज ख़ान ने ईरानी पर आरोप लगाया कि उन्होंने संसद में झूठ बोला और राहुल गांधी पर बेबुनियाद आरोप लगाए। स्मृति ईरानी ने मणिपुर की महिलाओं पर हो रहे अपराध पर एक शब्द नहीं कहा, इसलिए हम स्मृति ईरानी से इस्तीफ़े की मांग करते हैं।इस प्रदर्शन में प्रदेश सचिव रुचिर दुबे, प्रदेश सचिव अभिषेक कसार, रायपुर शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष भक्कु कश्यप, उत्तर विधानसभा उपाध्यक्ष हैदर अली, उत्तर विधानसभा महासचिव अब्दुल मलिक ख़ान, जावेद ख़ान, लोकेश जंघेल, शोएब, इनायत अली आदि उपस्थित थे।
Next Story