छत्तीसगढ़
गरियाबंद में तीन जगह अवैध रेत खनन की शिकायत, SDM ने दिए जांच के निर्देश
Shantanu Roy
16 Nov 2026 9:53 PM IST

x
छग
Gariaband. गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में रेत खनन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जिले में कहीं रात के अंधेरे में रेत खदान का भूमिपूजन कर खनन और परिवहन शुरू करने के आरोप हैं, तो कहीं नदियों में निर्धारित नियमों की अनदेखी कर रेत निकालने की शिकायतें सामने आई हैं। पांडुका क्षेत्र के सरकड़ा, फिंगेश्वर की सूखा नदी और जिला मुख्यालय के नजदीक मालगांव घाट में रेत खनन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इन मामलों में खनिज विभाग की भूमिका पर भी मिलीभगत और अनदेखी के आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं, राजिम एसडीएम ने मामले की जांच कराने और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सरकड़ा में रात के अंधेरे में हुआ खदान का भूमिपूजन
पांडुका थाना क्षेत्र के ग्राम सरकड़ा में रात के समय रेत खदान का भूमिपूजन किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में कुछ लोग रात के अंधेरे में खदान स्थल पर पूजा-पाठ करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि भूमिपूजन के साथ ही मशीनों से रेत का उत्खनन और परिवहन भी शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, पांडुका क्षेत्र के एक रसूखदार व्यक्ति ने खदान पट्टेदार से सरकड़ा रेत खदान लीज पर ली है। इस मामले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि यदि खदान का आवंटन शासन के निर्धारित नियमों और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया गया है, तो रात के अंधेरे में भूमिपूजन करने की आवश्यकता क्यों पड़ी? उन्होंने खदान संचालक के पास शासन की अनुमति, पर्यावरणीय स्वीकृति, खनन अनुबंध और अन्य जरूरी दस्तावेजों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए हैं। साथ ही खनिज विभाग पर मिलीभगत के आरोप लगाए हैं।
सूखा नदी में पोकलेन से रेत निकालने की शिकायत
फिंगेश्वर क्षेत्र की सूखा नदी में स्वीकृत रेत खदान के संचालन को लेकर भी विवाद सामने आया है। आरोप है कि निविदा के माध्यम से खदान लेने वाला ठेकेदार निर्धारित नियमों का पालन नहीं कर रहा है। यहां पोकलेन मशीन से हाईवा वाहनों में रेत भरकर परिवहन किए जाने की शिकायत है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शाम 5 बजे के बाद खनन पर रोक होने के बावजूद निर्धारित समय के बाद भी रेत निकाली जा रही है। इसके अलावा लीज के लिए निर्धारित क्षेत्र से बाहर जाकर उत्खनन किए जाने की बात भी कही गई है। करीब पखवाड़े भर पहले स्थानीय लोगों ने ठेकेदार के खिलाफ विरोध जताया था। उनका आरोप था कि नदी का तटबंध तोड़कर आम रास्ते को प्रभावित किया गया। शिकायत के बाद खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। हालांकि, स्थानीय लोगों का दावा है कि इसके बाद भी अवैध संचालन जारी है।
मालगांव घाट में ट्रैक्टरों से अवैध परिवहन का आरोप
गरियाबंद जिला मुख्यालय से लगे मालगांव घाट में पैरी नदी पर भी अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायत सामने आई है। आरोप है कि यहां लंबे समय से ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत निकाली जा रही है और उसका परिवहन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि विभागीय टीम इसी रास्ते से प्रतिदिन आवाजाही करती है। इसके बावजूद कथित अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि विभाग पीएम आवास हितग्राहियों के घर तक पहुंचकर रेत से भरे ट्रैक्टर जब्त करता है, लेकिन मालगांव घाट में हो रही गतिविधियों पर कार्रवाई दिखाई नहीं देती।
SDM ने जांच कर कार्रवाई का दिया आश्वासन
पूरे मामले में राजिम एसडीएम नेहा भेड़िया ने कहा कि सरकड़ा में रात के समय भूमिपूजन किए जाने की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है। उन्होंने संबंधित तहसीलदार को मामले की जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देने की बात कही है। एसडीएम के अनुसार, जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जिले के तीन अलग-अलग क्षेत्रों में रेत खनन को लेकर उठे सवालों के बीच प्रशासनिक जांच महत्वपूर्ण हो गई है। अब देखना होगा कि जांच में खदानों की अनुमति, पर्यावरणीय स्वीकृति, निर्धारित लीज क्षेत्र और खनन नियमों के पालन को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।
Next Story





