छत्तीसगढ़

अवैध शराब बिक्री की शिकायत करना पड़ा भारी, ग्रामीणों के साथ मारपीट, गांव में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात

jantaserishta.com
10 April 2026 10:17 AM IST
अवैध शराब बिक्री की शिकायत करना पड़ा भारी, ग्रामीणों के साथ मारपीट, गांव में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात
x
छत्तीसगढ़.
बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में अवैध शराब बिक्री की शिकायत करने वाले ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद ग्रामीण भी एकजुट हो गए और आरोपियों की पिटाई कर दी। इसके बाद चार आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी और उसका एक अन्य साथी फरार हो गए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी भागवत थवाईत के पिता संतोष थवाईत, चाचा राजेश थवाईत, भाई संजू थवाईत और एक साथी शंकर दुंबे को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है और उसका वांटेड पोस्टर जारी किया गया है।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी भागवत थवाईत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कसडोल का ग्रामीण अध्यक्ष है। उसके चाचा राजेश थवाईत भाजपा से पूर्व जनपद सदस्य रह चुके हैं, जबकि पिता संतोष थवाईत के खिलाफ 13 साल पहले जिला बदर की कार्रवाई हो चुकी है।
इस मामले में आरोपी के परिजनों ने सरपंच पर वसूली का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सरपंच शराब बेचने के नाम पर हर साल 50 हजार रुपए लेता था। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से मिली शिकायतों की जांच जारी है। मामला कसडोल थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, संतोष थवाईत और राजेश थवाईत कटगी गांव के सर्वा मोड़ पर ढाबा संचालित करते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस ढाबे पर लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री की जा रही थी, जिसका उन्होंने विरोध किया और इसकी शिकायत भी की थी।
ऐसे में मंगलवार की रात भागवत के चाचा राजेश थवाईत ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ग्रामीण के साथ मारपीट की। बुधवार रात भी संतोष, भागवत, राजेश, भाई संजू, शंकर दुबे और सूर्या गांव में घूम-घूमकर ग्रामीणों को धमकाने लगे।
आरोप है कि उन्होंने हथियार दिखाकर लोगों को डराया। इसके बाद कटगी स्थित सर्वा मोड़ के पास एक ग्रामीण को बेरहमी से पीट दिया। इस घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
भागवत और सूर्या फरार हो गए, लेकिन ग्रामीणों ने पिता संतोष थवाईत, चाचा राजेश थवाईत, भाई संजू थवाईत और शंकर दुंबे को पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने पिता संतोष की जमकर पिटाई की और फिर चारों को पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह कई थानों की पुलिस बल के साथ कटगी गांव पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश देकर मामला शांत कराया और दो घंटे में पूरा गांव शांत हो गया।
इस पूरे मामले में गुरुवार को आरोपियों के परिजनों ने थाने में आवेदन दिया है, जिसमें उन्होंने गांव के सरपंच जयसिंह पैकरा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सरपंच हर साल 50 हजार रुपए वसूलता था, जिसका प्रमाण अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के रूप में मौजूद है।
इस मामले में एसडीओपी केके वासनिक ने बताया कि मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों भागवत, सूर्या की तलाश जारी है। भागवत के खिलाफ इनाम घोषित किया गया है। मामले वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story