छत्तीसगढ़

कमिश्नरेट का सामुदायिक पुलिसिंग अभियान “संवाद से समाधान” शुरू

Shantanu Roy
3 Feb 2026 11:37 PM IST
कमिश्नरेट का सामुदायिक पुलिसिंग अभियान “संवाद से समाधान” शुरू
x
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने के उद्देश्य से “संवाद से समाधान” अभियान का आगाज़ किया गया है। इस अभियान की शुरुआत सेंट्रल जोन अंतर्गत तेलीबांधा क्षेत्र की बीएसयूपी कॉलोनी से की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को नशा-मुक्त बनाना, अपराधों की रोकथाम करना और पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच विश्वास व संवाद को मजबूत करना रहा। यह सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सेंट्रल जोन उमेश गुप्ता के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल, सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइंस) रमाकांत साहू तथा थाना प्रभारी तेलीबांधा अविनाश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने कॉलोनीवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था की विशेषताओं की जानकारी दी गई। साथ ही नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा करते हुए युवाओं और आम नागरिकों से नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा-मुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि नशा अपराध की जड़ है और इसके खिलाफ सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। इसके अलावा, नागरिकों को मोटर व्हीकल नियमों के पालन के महत्व, सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने के खतरों से भी अवगत कराया गया। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई और किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन ठगी की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने किरायेदार सत्यापन को अनिवार्य बताते हुए कहा कि मकान मालिकों को अपने किरायेदारों का सत्यापन अवश्य कराना चाहिए, ताकि असामाजिक तत्वों की पहचान समय रहते हो सके। साथ ही क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को देने पर जोर दिया गया। संवाद सत्र के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। कॉलोनी के किनारे की टूटी हुई दीवार, क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता जैसे मुद्दे प्रमुखता से सामने आए। पुलिस अधिकारियों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए नशा-मुक्त और सुरक्षित मोहल्ला बनाने के लिए हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “संवाद से समाधान” अभियान आगे भी सेंट्रल जोन सहित अन्य क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगा, ताकि पुलिस और जनता मिलकर सुरक्षित, शांत और अपराध-मुक्त समाज का निर्माण कर सकें।
Next Story