छत्तीसगढ़
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ
Shantanu Roy
15 Nov 2026 9:17 PM IST

x
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आज से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। इस अवसर पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू (भा.प्र.से.) सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोतरी के धान उपार्जन केंद्र पहुंचीं और कांटा-बांट तथा धान की ढेरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। शुभारंभ के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों का पुष्पमाला पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया तथा उन्हें धान खरीदी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने केंद्र में मौजूद अधिकारियों और समिति प्रबंधकों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर साहू ने धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण करते हुए कहा कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, पेयजल और छाया की व्यवस्था, तौल मशीनों की सटीकता तथा नमी मापक यंत्रों की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि छोटे और वास्तविक किसानों को प्राथमिकता के साथ धान खरीदी का लाभ दिलाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या बिचौलियों की संलिप्तता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सहकारिता एवं उद्योग समिति के सभापति हरिहर जायसवाल, जिला खाद्य अधिकारी विनय कुजूर, सहायक आयुक्त सहकारिता कामेश सिंह कश्यप, जिला विपणन अधिकारी गुलाब सिंह राठौड़, सहकारी निरीक्षक लकेश्वर देवांगन, बैंक पर्यवेक्षक दीपक सिंह पैंकरा, समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Next Story





