छत्तीसगढ़

कॉलेज के प्रिंसिपल के साथ ऑनलाइन ठगी, PHD कराने के नाम पर ठगे दो लाख रुपये

Harrison
29 Jan 2025 12:28 AM IST
कॉलेज के प्रिंसिपल के साथ ऑनलाइन ठगी, PHD कराने के नाम पर ठगे दो लाख रुपये
x
छग
अंबिकापुर। अंबिकापुर में संचालित संत हरकेवल बीएड कॉलेज के प्रिंसिपल ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। स्वयं को इग्नू का प्राेफेसर बताने वाले कॉलर ने प्रिंसिपल को पीएचडी एवं उनकी पत्नी को डीएलएड की डिग्री दिलाने के नाम पर दो लाख 7 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। एक वर्ष पूर्व पीएचडी एवं डीएलएड के रजिस्ट्रेशन शुल्क एवं अन्य मदों के शुल्क के नाम पर यह राशि ली गई। जब कॉलर ने फोन उठाना बंद कर दिया तो प्रिंसिपल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट पर गांधीनगर पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, संत हरकेवल दास बीएड कॉलेज के प्रिंसिपल अंजन सिंह ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि करीब दो-तीन वर्ष पूर्व स्वयं को इग्नू यूनिवर्सिटी का प्रोफेसर बताने वाले प्रो. पीपी शर्मा से बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया था कि इग्नू से पीएचडी एवं डीएलएड का पत्राचार कोर्स कराया जाता है। इसकी मान्यता है।
एक वर्ष पूर्व जनवरी 2024 में कथित प्रो. पीपी शर्मा से बातचीत हुई तो उसने प्रिंसिपल अंजन सिंह एवं उनकी पत्नी अनिता सिंह के सभी दस्तावेज व्हाट्सऐप से मंगाए। दस्तावेज देखकर दोनों कोर्स में रजिस्ट्रेशन हो जाने की जानकारी देते हुए पीएचडी के इग्नू का शुल्क 89 हजार रुपये एवं डीएलएड के लिए शुल्क 30 हजार रुपये बताया गया। उक्त शुल्क का भुगतान कथित इग्नू प्रोफेसर ने अपने गूगल पे अकाउंट में भेजने के लिए कहा।
अंजन सिंह ने कॉलेज में कार्यरत स्टॉफ आनंद कुमार के गूगल पे अकाउंट से प्रो. पीपी शर्मा के अकाउंट में राशि 8 जनवरी 2024 को ट्रांसफर की गई। कथित प्रो. पीपी शर्मा ने बीच में अतिरिक्त शुल्क की डिमांड की तो अंजन सिंह ने 88 हजार 400 रुपये का पेमेंट भेज दिया। रिपोर्ट में अंजन सिंह ने बताया कि कथित प्रो. पीपी शर्मा ने दोनों का रजिस्ट्रेशन का आनलाइन अपडेट एवं डाक्यूमेंट प्रोसेसिंग 18 अप्रैल 2024 तक पूर्ण हो जाना बताया था। उससे 21 अप्रैल 2024 को अंजन सिंह ने अपडेट पूछा तो कॉलर ने कहा कि वाइस चांसलर का 25 हजार रुपये आपने नहीं दिया, इस कारण आपका केस रिजेक्ट हो गया है।
Next Story