
x
Raipur रायपुर। छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में दाखिले से वंचित विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालयों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। जिन शासकीय और निजी महाविद्यालयों में अभी सीटें रिक्त हैं, वहां विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत 31 अगस्त तक प्रवेश ले सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का मूल उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना है। दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मेधावी विद्यार्थी विभिन्न व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण निर्धारित समय सीमा में कॉलेजों में प्रवेश नहीं ले पाए थे। ऐसे विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने प्रवेश की समय सीमा बढ़ाने का फैसला किया है।
मंत्री वर्मा ने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि केवल प्रवेश की तारीख निकल जाने के कारण किसी योग्य विद्यार्थी का एक शैक्षणिक वर्ष खराब हो या वह उच्च शिक्षा से वंचित रह जाए। छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रवेश की अंतिम तिथि अब 31 अगस्त तक बढ़ाई गई है। उन्होंने प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों से इस अवसर का पूरा लाभ उठाने की अपील की है। इससे पहले उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत महाविद्यालयों में प्राचार्य स्तर पर प्रवेश की समय सीमा 31 जुलाई तक निर्धारित की गई थी। इसके बाद कुलपति की अनुमति से विद्यार्थियों को 14 अगस्त तक प्रवेश लेने का अवसर दिया गया था। निर्धारित अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद भी प्रदेश के कई शासकीय और निजी कॉलेजों में सीटें रिक्त रह गईं।
विभाग के संज्ञान में यह बात भी आई कि दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के कई विद्यार्थी विभिन्न कारणों से समय पर आवेदन एवं प्रवेश की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके। इसे देखते हुए राज्य शासन ने प्रवेश की समय सीमा में एक बार फिर विस्तार करने का निर्णय लिया। नई व्यवस्था के तहत रिक्त सीटों वाले महाविद्यालयों में पात्र विद्यार्थी 31 अगस्त तक दाखिला ले सकेंगे। सरकार के इस फैसले से उन विद्यार्थियों को विशेष राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश पहले निर्धारित समय सीमा में प्रवेश लेने से चूक गए थे। साथ ही कॉलेजों में रिक्त पड़ी सीटों पर भी विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर मिल सकेगा।
Next Story





