छत्तीसगढ़

कलेक्टर की चेतावनी भी बेअसर, बालाजी गैस एजेंसी पर ब्लैक मार्केटिंग का आरोप

jantaserishta.com
14 Aug 2026 12:09 PM IST
कलेक्टर की चेतावनी भी बेअसर, बालाजी गैस एजेंसी पर ब्लैक मार्केटिंग का आरोप
x
छत्तीसगढ़ न्यूज.
बिलासपुर: बिलासपुर में बालाजी गैस एजेंस पर घरेलू गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग करने का आरोप लगा है। गुरुवार को उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर दूसरे को सिलेंडर बेचने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जब पुलिस पहुंची, तब कर्मचारियों ने शटर गिरा दिया और विवाद करने वाले उपभोक्ताओं को शांत कराकर सिलेंडर देने लगे। उपभोक्ताओं ने एजेंसी में घरेलू गैस सिलेंडर के वितरण में मनमानी और कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि देश भर में सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच तीन माह पहले कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की थी। उन्होंने कहा था कि किसी भी उपभोक्ता को गैस की कमी का सामना नहीं करना पड़े और शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि जिले में गैस की किल्लत के चलते ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद ही सिलेंडर देने के निर्देश हैं। इसके बावजूद बालाजी गैस एजेंसी में ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर आवंटित सिलेंडर दूसरे लोगों को देने का आरोप लगाया गया है।
उपभोक्ताओं के मुताबिक, उनके मोबाइल पर ऑनलाइन बुकिंग का मैसेज और ओटीपी आया है। ओटीपी लेने के लिए एजेंसी के कर्मचारी उन्हें फोन भी कर रहे हैं। एजेंसी की ओर से दो से तीन दिन में सिलेंडर देने का दावा किया गया था।
लेकिन ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी लेकर एजेंसी पहुंचने पर उपभोक्ताओं को कभी सिलेंडर नहीं होने तो कभी सर्वर डाउन होने का हवाला देकर लौटा दिया जाता है। गुरुवार को भी ऐसा ही होने पर उपभोक्ता भड़क गए। इसके बाद एजेंसी में हंगामा शुरू हो गया।
ग्राहकों का कहना है कि दूर-दराज से लोग अपना काम छोड़कर सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचते हैं, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जाता। आरोप है कि कई ग्राहकों को तीन से पांच बार तक एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे बुजुर्गों और महिला ग्राहकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
ग्राहकों के मुताबिक बुकिंग के करीब एक सप्ताह बाद एजेंसी से फोन कर ओटीपी लिया जाता है। इसके बाद एक सप्ताह बाद सिलेंडर लेने के लिए बुलाया जाता है। ग्राहक जब तय तारीख पर पहुंचते हैं तो उन्हें अलग-अलग कारण बताकर वापस कर दिया जाता है।
इससे ग्राहकों में नाराजगी है। वहीं, दूसरी तरफ गैस और ऑयल कंपनियों के अफसरों के साथ ही स्थानीय अधिकारी कह रहे हैं कि ग्राहकों को इस तरह ओटीपी नहीं देना चाहिए। उन्हें एजेंसी जाकर अपनी सिलेंडर की डिमांड करनी चाहिए।
महिला ग्राहकों ने एजेंसी के कर्मचारियों के व्यवहार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिकायत करने पर कई बार अभद्रता और गाली-गलौज तक की जाती है। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ कर्मचारियों की ओर से कथित तौर पर यह तक कहा जाता है कि जहां शिकायत करनी है कर लो, कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
ग्राहकों ने एजेंसी परिसर में लाइसेंस नंबर प्रदर्शित नहीं होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्राहकों ने व्यवस्था में सुधार कर समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।
इससे पहले भी एजेंसी में हंगामा हुआ था। करीब तीन महीना पहले ग्राहकों ने हंगामा मचाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंच गए। कलेक्टर की गैरमौजूदगी में लोगों ने अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी से इस मामले की शिकायत की थी।
उन्होंने खाद्य विभाग के अफसरों को निर्देशित किया कि एजेंसी में उपभोक्ताओं को परेशान न किया जाए। लेकिन, एजेंसी में गड़बड़ी और मनमानी जारी है। इसके बाद भी जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी एजेंसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story