छत्तीसगढ़

कलेक्टर विनय लंगेह ने सीईओ, अपर कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टरों के मध्य किया कार्य विभाजन

Shantanu Roy
27 Oct 2026 2:42 PM IST
कलेक्टर विनय लंगेह ने सीईओ, अपर कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टरों के मध्य किया कार्य विभाजन
x
छग
Mahasamund. महासमुंद। जिले में प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन, विभागीय समन्वय तथा शासकीय कार्यों के प्रभावी निष्पादन के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों के मध्य पूर्व में सौंपे गए प्रभारों में संशोधन किया है। इसके तहत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टरों के मध्य आगामी आदेश पर्यंत तक कार्य विभाजन करते हुए विभिन्न विभागों एवं जिला कार्यालय की शाखाओं की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुंद अनुपमा आनंद को जिला पंचायत के कार्यों के अतिरिक्त मुख्यमंत्री की घोषणाओं एवं निर्देशों, स्वास्थ्य, जिला आयुर्वेद, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, कृषि, पशु चिकित्सा सेवाएं, मत्स्य पालन, उद्यानिकी, रेशम, शिक्षा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवाएं, क्रेडा, मुख्यमंत्री कौशल विकास, ग्रामोद्योग एवं हाथकरघा विभाग सहित विभिन्न विभागों का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। उन्हें कृषि विज्ञान केंद्र, नोडल जिला सहकारी बैंक, सीएसआर, निःशक्त कल्याण एवं पुनर्वास तथा जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं समारोहों के लिए प्रभारी एवं समन्वयक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा को अपर कलेक्टर सरायपाली का प्रभार सौंपते हुए बसना एवं सरायपाली तहसीलों के निर्धारित राजस्व प्रकरणों की प्रथम अपील, निगरानी एवं पुनरीक्षण प्रकरणों की सुनवाई तथा निराकरण की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त संबंधित अनुविभागों में छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता (संशोधन) अधिनियम, 2026 के अंतर्गत कलेक्टर की अधिकारिता में आने वाले द्वितीय अपील के प्रकरणों की सुनवाई एवं निराकरण का दायित्व भी सौंपा गया है। उन्हें नजूल पट्टों के नवीनीकरण तथा नजूल शाखा के निर्धारित प्रकरणों के अंतिम निराकरण की जिम्मेदारी भी दी गई है।
अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू को महासमुंद, बागबाहरा, कोमाखान एवं पिथौरा तहसीलों के निर्धारित राजस्व प्रकरणों की प्रथम अपील, निगरानी एवं पुनरीक्षण प्रकरणों की सुनवाई और निराकरण का दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही संबंधित अनुविभागों के द्वितीय अपील प्रकरणों, शोध क्षमता प्रमाण-पत्र जारी करने, अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी के कार्यों, जिला शहरी विकास अभिकरण, भू-अर्जन एवं भू-आवंटन तथा खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं औषधि प्रशासन से संबंधित प्रकरणों के निराकरण की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें भू-अभिलेख शाखा, जिला खनिज न्यास, जल जीवन मिशन, चिटफंड, लाइसेंस शाखा, एसडब्ल्यू शाखा एवं जेल निरीक्षण सहित विभिन्न शाखाओं तथा खाद्य विभाग, आदिवासी विकास, आबकारी विभाग, जिला परिवहन एवं नगरीय निकाय विभाग का प्रभारी अधिकारी भी बनाया गया है।
अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा को जिला निर्वाचन संबंधी कार्यों में उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सामान्य एवं स्थानीय निर्वाचन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त सहायक अधीक्षक राजस्व एवं सामान्य, वित्त स्थापना, नाजरात, विधानसभा एवं संसद के प्रश्नोत्तर प्रकोष्ठ, जिला विभागीय जांच, सत्कार, पुस्तकालय एवं प्रपत्र शाखा तथा सूचना का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत अपीलीय अधिकारी के दायित्व सौंपे गए हैं। भूमि विक्रय अनुमति के निर्धारित प्रकरणों की जांच तथा भू-अर्जन प्रकरणों का परीक्षण कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी, नोडल अधिकारी सीएम हेल्पलाइन, जिला विवाह अधिकारी का प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा सेवानिवृत्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के परिवार कल्याण निधि, समूह बीमा, सामान्य विभागीय भविष्य निधि, अवकाश नगदीकरण एवं ग्रेच्युटी के अंतिम भुगतान की स्वीकृति अधीक्षक, सहायक अधीक्षक एवं भू-अभिलेख विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि अग्रिम, आंशिक अंतिम विकर्षण, यात्रा भत्ता एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति की स्वीकृति जिला कार्यालय के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के अवकाश, परीक्षाओं में सम्मिलित होने की अनुमति तथा वार्षिक वेतनवृद्धि की स्वीकृति विद्युत, पी.ओ.एल., टेलीफोन एवं डाक संबंधी देयकों की स्वीकृति लेखन सामग्री एवं आकस्मिक निधि से 20 हजार रुपए तक के व्यय की स्वीकृति, 5 हजार रुपए तक के अनुपयोगी डेड स्टॉक तथा 2 हजार रुपए तक की चोरी हुई सामग्री का अपलेखन करने का अधिकार सौंपा गया है। साथ ही, जिला कोषालय एवं जिला योजना तथा सांख्यिकी विभाग का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
डिप्टी कलेक्टर अक्षा गुप्ता को राजस्व लेखा एवं राहत शाखा, अभियोजन शाखा, सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ एवं जनसूचना अधिकारी, अल्प बचत शाखा, लोक आयोग एवं मानव अधिकार आयोग सहित विभिन्न संवैधानिक आयोगों से संबंधित शाखाओं तथा परीक्षा शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के सहायक नोडल अधिकारी एवं जिला हेल्पलाइन अधिकारी के रूप में भी दायित्व सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त श्रम एवं खेल विभाग का प्रभार भी दिया गया है। डिप्टी कलेक्टर मधु तेता को वरिष्ठ लिपिक शाखा-02, वरिष्ठ लिपिक शाखा-01 आवास आवंटन, पुरातत्व, विकास एवं बीस सूत्रीय शाखा सहित विभिन्न शाखाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें कार्यालय में प्राप्त होने वाले डाक की मार्किंग, कलेक्टर न्यायालय के वाचक, प्रतिलिपि शाखा, अभिलेखागार तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के सहायक नोडल अधिकारी का दायित्व भी दिया गया है। इसके अतिरिक्त जिला पंजीयक एवं उच्च शिक्षा विभाग का प्रभार सौंपा गया है।
सारिका मित्तल को सौंपे गए दायित्वों से संबंधित आदेश में शिकायत एवं जन शिकायत निवारण प्रकोष्ठ, मुख्यमंत्री की घोषणाएं, जिला जनगणना अधिकारी, ई-प्रशासन के अंतर्गत सॉफ्टवेयर क्रियान्वयन, ई-डिस्ट्रिक्ट एवं लोक सेवा केंद्र, देवस्थानम, सार्वजनिक ट्रस्ट मॉनिटरिंग, वक्फ संपत्ति, देव स्थल, धर्मस्व एवं पुनर्वास, आईगॉट कर्मयोगी, लोक सेवा गारंटी, आवक-जावक तथा अभिलेखों एवं प्रमाण-पत्रों के सत्यापन से संबंधित कार्य भी शामिल हैं। उन्हें खनिज विभाग का प्रभारी अधिकारी भी बनाया गया है। सभी अधिकारी अपने निर्धारित प्रभार के अंतर्गत विभागीय कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य कार्यों का भी निर्वहन करेंगे। अधिकारियों की अनुपस्थिति में जिला कार्यालय के कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए लिंक अधिकारियों की व्यवस्था भी निर्धारित की गई है।
Next Story