छत्तीसगढ़

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की समस्याएं

Shantanu Roy
22 Sept 2026 8:04 PM IST
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की समस्याएं
x
छग
Mahasamund. महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। जनदर्शन में जिले के अलग-अलग विकासखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित कुल 77 आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने आवेदकों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में कर्मचारी पेंशन से संबंधित प्रकरण, नहर निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे का भुगतान, बेलसोंडा से बेमचा माइनिंग नहर के माध्यम से पानी पहुंचाने अथवा बोरिंग खनन सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा आर्थिक सहायता प्रदान करने, वन भूमि पट्टा दिलाने, श्रमिक पंजीयन में संशोधन कराने तथा मितानिन नियुक्ति से संबंधित आवेदन भी नागरिकों ने प्रस्तुत किए।
इसी प्रकार सीसी रोड निर्माण कराने, अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान करने, डूबान क्षेत्र के अभ्यर्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनाने, पड़कीपाली से हाड़ाबंद तक सड़क निर्माण सहित अन्य जनहित से जुड़े विषयों को लेकर भी लोगों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। कलेक्टर श्री लंगेह ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की वस्तुस्थिति की जांच कर पात्रतानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
Next Story