छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने ली कृषि, मत्स्य, पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक

Nilmani Pal
13 July 2023 9:40 AM GMT
कलेक्टर ने ली कृषि, मत्स्य, पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक
x
छग
महासमुन्द। कलेक्टर प्रभात मलिक ने आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी, क्रेडा, सहकारिता और सम्बंधित विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले की बैठक लेकर संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, कृषि उपसंचालक एफ.आर. कश्यप सहित सम्बंधित विभाग के जिला अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर मलिक ने हर गोठान में महीने में 60 क्विंटल गोबर खरीदने के निर्देश दिए। जिसमें से 33 प्रतिशत वर्मी खाद बनाने और कुल वर्मी का 90 से 95 प्रतिशत तक विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग को प्रत्येक विकासखंड में दो-दो मॉडल गोठान विकसित करने तथा पशुपालन व मछली पालन विभाग को एक-एक गोठान विकसित करने के निर्देश दिए हैं। मत्स्य विभाग को वन विभाग द्वारा गोठानों में खोदे गए तालाबो में मछली पालन व बीज उत्पादन के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान पीएम किसान सम्मान निधि के तहत शत प्रतिशत किसानों का ई-केवायसी 30 जुलाई तक पूर्ण करने कहा है। जिले में 1 लाख 16 हजार 287 पात्र किसान है। जिसमें 16 प्रतिशत ई-केवायसी पेंडिंग है जिसे पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। पेंडिंग लैंड सीडिंग व आधार सीडिंग भी करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत विभिन्न कारणों से रुके प्रथम किश्त को जल्दी निराकरण के निर्देश दिए।
राजीव गांधी किसान न्याय योजना के लाभान्वित किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड दिलवाने सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी को निर्देश दिए गए। उन्होंने सहकारी बैंक को शून्य बैलेंस में खाता खोलने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी राजीव गांधी किसान योजना के हितग्राहियों को के सी सी अनिवार्य रूप से जारी किया जाए। ग्राम पंचायत सचिव को इस संबंध में किसानों का फार्म भरने के निर्देश दिए। धान के बदले अन्य फसल लगाने के लिए लगभग 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य दिया गया है। सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को 20-20 हेक्टेयर का लक्ष्य दिया गया। फसल प्रदर्शन हेतु बड़े किसानों के अलावा सीमान्त किसानों का भी चयन किया जाए। रासायनिक उर्वरकों के ज्यादा खपत पर भी निगरानी रखी जाए। जैविक खेती करने वाले किसानों का जैविक सर्टिफिकेशन कराने एवं अन्य किसानों को प्रोत्साहित करने कहा गया। कलेक्टर ने उर्वरक एवं बीज भण्डारण अद्यतन की जानकारी ली। उन्होंने उद्यान विभाग के समीक्षा में गोठानों एवं छात्रावासों में पोषण वाटिका के तहत लाभ देने के निर्देश दिए। इसके अलावा उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने के लिए किसानों की काउंसलिंग करने के निर्देश दिए हैं। पशुपालन विभाग को मवेशियों के लगातार टीकाकरण के निर्देश दिए है। उन्होंने प्रत्येक ग्रामों में गोवंशीय मवेशियों एवं बकरियों का भी टीकाकरण कराने निर्देश दिए हैं। क्रेडा विभाग की समीक्षा में खराब हुए सोलर लाइट को बदलने के निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभाग के जिला अधिकारियों सहित वरिष्ठ अनुविभागीय कृषि अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास विस्तार अधिकारी, ग्रामीण कृषि विकास विस्तार अधिकारी मौजूद थे।
Next Story