छत्तीसगढ़

ग्रामीण औद्योगिक पार्कों के निरीक्षण में पहुंचे कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा

Nilmani Pal
16 July 2023 9:57 AM GMT
ग्रामीण औद्योगिक पार्कों के निरीक्षण में पहुंचे कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा
x

रायगढ़। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा शनिवार को लैलूंगा और तमनार ब्लॉक के दौरे पर रहे। यहां उन्होंने ग्रामीण औद्योगिक पार्कों का निरीक्षण कर वहां चल रहे काम-काज को देखा। सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्दर यादव भी इस दौरान साथ रहे। कलेक्टर सिन्हा ने रीपा में काम कर रहे महिला समूहों और अन्य उद्यमियों से कहा कि ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में स्थानीय स्तर काम काज के लिए सर्वसुविधायुक्त इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया जा रहा है, इसका लाभ लेते हुए अब अपना काम आगे बढ़ाएं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिन्हा ने महिला समूहों से चर्चा की और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों को देखा। कोडासिया गौठान में महिला समूह द्वारा मिट्टी के बर्तन बनाए जा रहे हैं। जिसमें कुकर, तवा और थर्मस जैसे उत्पाद शामिल हैं। जिसकी बिक्री सी-मार्ट के माध्यम से की जा रही है और इन उत्पादों की खासी डिमांड भी है। कलेक्टर श्री सिन्हा ने रीपा में खाली स्थान पर हल्दी, आम और कटहल जैसे फलदार वृक्ष लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को व्यवसायिक प्लांटेशन के इस कार्य में महिला समूहों को जोडऩे के निर्देश दिए। जिससे उन्हें अतिरिक्त आय मिल सके। कलेक्टर सिन्हा ने लैलूंगा ब्लॉक मोहनपूर में उद्यानिकी विभाग द्वारा 5 हेक्टेयर में तैयार किए जा रहे मिश्रित फलोद्यान का निरीक्षण किया। बताया गया कि यहां आम की कई किस्में लगाई जा रही हैं। अलावे इसके यहां कटहल, अमरूद जैसे दूसरे फलदार पौधे भी लगाए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री सिन्हा ने सुरक्षा के लिए फेंसिंग और पानी की समुचित व्यव्स्था करने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने यहां पौधरोपण भी किया।

1 माह में सोहद्रा ने बेचा 2 लाख का चैनलिंक फेंसिंग, 6 लाख का मिला हुआ ऑर्डर, कलेक्टर ने बढ़ाया हौसला

कलेक्टर सिन्हा ने तमनार के रीपा का भी निरीक्षण किया। यहां कई वर्किंग यूनिट्स संचालित हैं। इनमें सोहद्रा साव चैनलिंग फेंसिंग का काम कर रही हैं। उन्हें प्रशासन की ओर से कार्य करने की जगह के साथ मशीन उपलब्ध कराई गई है। सोहद्रा ने बताया कि पिछले एक माह में उन्होंने करीब 2 लाख रुपए की फेंसिंग सप्लाई किया है। अभी उनके पास 6 लाख का ऑर्डर है। कलेक्टर सिन्हा ने उनका हौसला बढ़ाया और शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर सिन्हा ने अन्य यूनिट्स का भी निरीक्षण कर वहां चल रहे काम काज का जायजा लिया।

जवाफूल चावल प्रोसेसिंग के लिए लगाएं मिनी राइस मिल

कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि लैलूंगा क्षेत्र मेंं सुगंधित जवाफूल चावल की खेती होती है। कोडासिया गौठान में इसकी प्रोसेसिंग के लिए मिनी राइस मिल लगाने के निर्देश उन्होंने दिए। जिससे किसानों की लागत घटेगी और उनका फायदा बढ़ेगा। उन्होंने चावल की पैकेजिंग भी बढिय़ा रखने के लिए कहा। कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत तरीकों से खेती करने के लिए प्रशिक्षित करें जिससे प्रति एकड़ उनकी उपज में बढ़ोत्तरी हो और उनका लाभ बढ़े।

केलो संरक्षण कार्य का किया निरीक्षण

कलेक्टर सिन्हा ने लारीपानी में केलो संरक्षण और संवर्धन के तहत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। यहां केलो नदी पर एक लो हाइट चेक डैम बनाया गया है। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि चेक डैम से जल संग्रहण और किसानों को होने वाले लाभ की जानकारी तैयार करें। मालूम हो कि केलो संरक्षण अभियान के तहत नदी मार्ग में विभिन्न संरचनाएं बनाई जा रही हैं जिससे जल प्रवाह को नियंत्रित किया जा सके। इसका लाभ स्थानीय किसानों को मिलने के साथ ही भू-जल रिचार्ज करने में भी मिलेगा।

Next Story