छत्तीसगढ़

जिले के अंतिम छोर तक पहुंचीं कलेक्टर नम्रता जैन

Shantanu Roy
2 Jan 2026 9:52 PM IST
जिले के अंतिम छोर तक पहुंचीं कलेक्टर नम्रता जैन
x
छग
Narayanpur. नारायणपुर। शासन की मंशा के अनुरूप नारायणपुर जिले के सुदूर, पहुंच-विहीन और अंतिम छोर पर बसे गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में कलेक्टर नम्रता जैन ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल अजय कुमार सिंह के साथ जिले के अंदरूनी क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी हकीकत का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर नम्रता जैन जिले के अंतिम छोर पर बसे ग्राम आदिंगपार और धुरबेड़ा पहुंचने वाली पहली कलेक्टर बनीं, जिसे ग्रामीणों ने ऐतिहासिक और
उत्साहवर्धक
बताया। कलेक्टर जैन ने जिला मुख्यालय से लगभग 75 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम आदिंगपार और धुरबेड़ा का दौरा किया। धुरबेड़ा पहुंचकर उन्होंने बालक आश्रम छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था, कमरों की स्वच्छता, शौचालय, बच्चों की उपस्थिति और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। कलेक्टर ने बच्चों से पहाड़ा और अंग्रेजी अक्षर ज्ञान के बारे में सवाल पूछे, जिनका बच्चों ने सहजता से उत्तर दिया। बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित होकर कलेक्टर ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे आगे चलकर डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, पटवारी और तहसीलदार जैसे उच्च पदों को प्राप्त करें। छात्रावास अधीक्षक राधेश्याम रावटे ने शौचालय, खेल सामग्री और अधीक्षक निवास कक्ष निर्माण की मांग रखी। साथ ही ग्राम धुरबेड़ा की जनसंख्या और परिवारों की स्थिति की जानकारी दी।

कलेक्टर नम्रता जैन ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया। इसके पश्चात कलेक्टर ने धुरबेड़ा के उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से बातचीत की और नल-जल योजना के अंतर्गत उपलब्ध पेयजल व्यवस्था का भी जायजा लिया। इसके बाद कलेक्टर जैन आदिंगपार पहुंचीं, जहां उन्होंने ग्राम पंचायत धुरबेड़ा की सरपंच सुदनी ध्रुव एवं ग्रामीणों से सीधी चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्राम धुरबेड़ा में आंगनबाड़ी को घोटूल में संचालित कराने और आदिंगपार तक पहुंच मार्ग को सुगम बनाने के निर्देश उन्होंने जनपद सीईओ को दिए। सरपंच ने बताया कि ग्राम पंचायत धुरबेड़ा के आश्रित ग्रामों में माटवाड़ा, फरसबेडा, कोड़तामरका, गुमरका, आदिंगपार और मंदोड़ा शामिल हैं। कलेक्टर ने सभी आश्रित ग्रामों का सर्वे कर आंगनबाड़ी केंद्र खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर नम्रता जैन ने कोड़नार के आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही करकानार जैसे आश्रित ग्रामों के बच्चों का पंजीयन कर टीएचआर वितरण सुनिश्चित करने तथा नए आंगनबाड़ी केंद्र खोलने के प्रस्ताव बनाने को कहा। इसके पश्चात ग्राम कुतुल पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की, जहां बाजार शेड, नलजल पाइपलाइन मरम्मत, पुलिया और सीसी सड़क निर्माण की मांग रखी गई। कलेक्टर ने सभी मांगों के शीघ्र निराकरण और बेरोजगार युवाओं को आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का आश्वासन दिया।
Next Story