छत्तीसगढ़

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने समय-सीमा बैठक में दिए सख्त निर्देश

Shantanu Roy
30 Oct 2025 7:53 PM IST
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने समय-सीमा बैठक में दिए सख्त निर्देश
x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली और विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान कलेक्टर ने प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाने और आम जनता को सुगमता प्रदान करने के उद्देश्य से कई सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी पटवारी अपने-अपने मुख्यालय में निवास करें ताकि जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदारों को नियमित रूप से पटवारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर यादव ने कहा कि 2 से 4 नवम्बर तक म्युनिसिपल स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्थापना दिवस समारोह को यादगार बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने मंच, पेयजल, साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई और सुरक्षा की समीक्षा की और विभागवार जिम्मेदारियां तय कीं। कलेक्टर ने कृषि, खाद्य और सहकारिता विभाग के अधिकारियों से कहा कि किसानों को कृषक पंजीयन में आने वाली दिक्कतों का शीघ्र समाधान करें ताकि कोई भी पात्र किसान योजना से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया।

उन्होंने भू-अर्जन कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए इसे निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग को प्रति सप्ताह एक प्रकरण प्रस्तुत करने को कहा। मिठाई और खाद्य पदार्थों की दुकानों की नियमित जांच कर गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर यादव ने कहा कि निर्माण कार्यों में गति लाने और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित की जाए। बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से कुपोषित बच्चों को सुपोषण की श्रेणी में लाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में अपार आईडी निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि अब तक 1,83,270 में से 1,47,097 आईडी तैयार की जा चुकी हैं। शेष 36,073 बच्चों का आधार अपडेट कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि लगभग 3 हजार बच्चों का आधार अपडेट कार्य पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने चिप्स और शिक्षा विभाग को मिलकर 15 दिसम्बर तक शत-प्रतिशत आईडी निर्माण का लक्ष्य पूरा करने कहा। जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने राज्योत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने किसानों को धान के स्थान पर कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों की खेती के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरगढ़ एम. भार्गव, एसडीएम राजनांदगांव गौतमचंद पाटिल, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोराम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Next Story