छत्तीसगढ़

राज्योत्सव की तैयारी पर कलेक्टर का निरीक्षण, देर रात नवा रायपुर पहुंचे डॉ. गौरव सिंह

Shantanu Roy
29 Oct 2025 12:06 AM IST
राज्योत्सव की तैयारी पर कलेक्टर का निरीक्षण, देर रात नवा रायपुर पहुंचे डॉ. गौरव सिंह
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव और प्रधानमंत्री के संभावित प्रवास को लेकर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसी कड़ी में रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सोमवार देर रात नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ मिलकर मंच, पंडाल, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन और डिप्टी कलेक्टर उत्तम रजक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री के संभावित प्रवास और जनसभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और विकास उपलब्धियों का प्रतीक है, इसलिए इसकी तैयारियों में उच्च स्तर की समन्वय और सटीकता जरूरी है। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि स्टॉल निर्माण, मंच साज-सज्जा, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था और यातायात मार्गों की सुगमता पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, राज्योत्सव के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त पार्किंग और पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने बताया कि स्थल पर सफाई, रोशनी और सड़कों की मरम्मत का कार्य अंतिम चरण में है। वहीं, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने बताया कि राज्योत्सव में स्थानीय उत्पादों, स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण विकास योजनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि राज्योत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान और गौरव का प्रतीक है। प्रशासन का लक्ष्य है कि आयोजन सुचारु, भव्य और जनसहभागिता से परिपूर्ण हो।
Next Story