छत्तीसगढ़

महिला, युवा व दिव्यांग प्रबंधित मतदान दलों को कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं

Shantanu Roy
25 April 2024 5:49 PM GMT
महिला, युवा व दिव्यांग प्रबंधित मतदान दलों को कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं
x
छग
गरियाबंद। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक कुमार अग्रवाल ने कृषि उपज मंडी परिसर में स्थित सामग्री वितरण केन्द्र में मतदान दलों एवं महिला, युवा एवं दिव्यांग प्रबंधित मतदान दलों के मतदान कर्मियों से मुलाकात कर उन्हें सफलतापूर्वक अपने जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। सभी मतदान कर्मी अपने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को लेकर बहुत ही प्रसन्नचित लग रहे थे। महिला मतदान कर्मियों ने कहा कि निश्चित रूप से महिला प्रबंधित मतदान में ड्यूटी लगने पर मतदानकर्मी के रूप में जिम्मेदारी मिलना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। जिले के मतदाताओं को प्रोत्साहित करने जिले में स्थानीय सभ्यता, संस्कृति एवं प्राचीन धरोहरों से परिपूर्ण विशेष थीम पर आधारित 15 आदर्श मतदान केन्द्र बनाये गये है। इसके तहत गरियाबंद के सिविल लाईन किसानपारा मतदान केन्द्र को गरियाबंद के पर्यटन स्थल चिंगरापगार की थीम पर सजाया गया है। सढ़ौली मतदान केन्द्र को बिन्द्रानवागढ़ रियासत आदिवासियों के राजा कचना धुरवा के थीम पर, शासकीय प्राथमिक शाला भवन राजिम, रामबिसाल पांडे हायर सेकेंडरी स्कूल कक्ष क्र. 1 एवं 2 मतदान केन्द्र को इको फ्रेंडली थीम पर सजाया गया है। कन्या मिडिल स्कूल फिंगेश्वर को महिला मित्र बूथ फ्रेंडली के थीम पर रखा गया है।

इसमें चाइल्ड केयर और फीडिंग रूम बनाया गया है। प्राथमिक शाला छुरा एवं सेजेस गरियाबंद को भी ईको फ्रेंडली थीम पर सजाया गया है। सेजेस छुरा को वनोत्पाद के थीम पर सजाया गया है। इसी प्रकार प्राथमिक शाला मैनपुरखुर्द को उदंती अभ्यारण्य के थीम पर सजाया गया है। गोहरापदर मतदान केन्द्र को मैनपुर के जलप्रपात, सेजेस देवभोग को मटका आधारित सहित प्राथमिक शाला भवन मुंगझर, किरवई एवं टेमरा के मतदान केन्द्र को ईको फ्रेंडली थीम पर सजाया गया है। इन मतदान केन्द्रों को आकर्षक रंग रोगन और सजावटी सामानों से संवारा गया है, जो देखने में आकर्षक और मतदाताओं को वोट डालने के लिए बेहतर और खुशनुमा माहौल प्रदान कर रहा है। इन केन्द्रों में सेल्फी जोन भी बनाया गया है। मतदाता वोट डालने के पश्चात सेल्फी भी ले सकेंगे। साथ ही इन मतदान केन्द्रों में आकर्षक रैम्प और प्रवेश द्वारा बनाया गया है। आदर्श मतदान केन्द्रों का उद्देश्य मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना है। जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 52 महिला प्रबंधित मतदान केन्द्र, 10 युवा प्रबंधित एवं 02 दिव्यांग प्रबंधित मतदान केन्द्र है। इनमें राजिम विधानसभा क्षेत्र में 37 व बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 15 महिला प्रबंधित मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। इसी प्रकार, राजिम विधानसभा क्षेत्र में 9 एवं बिन्द्रानवागढ़ क्षेत्र में 6 आदर्श मतदान केन्द्र, दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 5-5 युवा प्रबंधित मतदान केन्द्र एवं 1-1 दिव्यांग प्रबंधित मतदान केन्द्र बनाये गये हैं।
Next Story