भद्रा रीवापार समूह जलप्रदाय योजना के फील्ड पर उतरे कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे

सारंगढ़-बिलाईगढ़। महावीर जयंती पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने जिले के विभिन्न ग्रामों, रामभाठा, कोसीर, भाठागांव एवं भद्रा का औचक निरीक्षण कर शासकीय योजनाओं और निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत को जाना। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, जल जीवन मिशन तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत नल-जल योजना की स्थिति का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने मोटर चालू कर पानी की आपूर्ति जांची। उन्होंने सहनू दास के घर जाकर स्वयं पानी की उपलब्धता की पुष्टि की। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में दूर से पानी लाना पड़ता था, लेकिन अब घर-घर पानी पहुंच रहा है। कलेक्टर ने ग्राम सरपंच को नियमित कर वसूली, मोटर खराब होने पर शीघ्र मरम्मत तथा पंप ऑपरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम कोसीर में 16 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन चेकडेम का निरीक्षण किया गया।





