छत्तीसगढ़

साइकिल रैली से कलेक्टर और डीएफओ ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश

Nilmani Pal
5 Jun 2025 3:02 PM IST
साइकिल रैली से कलेक्टर और डीएफओ ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
x

महासमुंद। जिला मुख्यालय पर विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून के अवसर पर वन विभाग द्वारा आज साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली सुबह 8 बजे वन विद्यालय, महासमुंद से स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय तुमाडबरी तक निकाली गई।

रैली की शुरुआत कलेक्टर लंगेह द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई। इस अवसर पर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम शाला में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में कहा कि आज जिस गति से पर्यावरण का क्षरण हो रहा है, उसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। साइकिल चलाना केवल एक साधन नहीं, बल्कि एक संदेश है, हम प्रकृति से जुड़ना चाहते हैं और उसे बचाना हमारी ज़िम्मेदारी है। दैनिक जीवन में पानी बचाने को लेकर हमें सजग रहना होगा।

वनमंडलाधिकारी मयंक पांडेय ने संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। पौधारोपण, प्लास्टिक का परहेज, और साइकिल जैसे स्वच्छ यातायात के साधनों को अपनाकर हम सभी एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं। वन और जल हमारे पर्यावरण के महत्वपूर्ण अंग है। इसके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। आओ सब मिलकर इन्हें बचाए। उन्होंने बताया कि आज से एक पेड़ मां के नाम अभियान 2.0 की शुरूआत हो गई है। एक लाख 90 हजार पौध तैयार कर लिए गए हैं। जिसे आंगनबाड़ी, स्कूल, स्वास्थ्य केन्द्रों, प्रधानमंत्री आवास के सामने, पंचायत भवन आदि स्थानों पर पौधरोपण का कार्य किया जाएगा।

साइकिल रैली में बच्चों, युवाओं, नागरिकों, स्कूली छात्रों, सामाजिक संगठनों एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित समाज के सभी वर्गों की भागीदारी रही। शहर में यह रैली पर्यावरण जागरूकता का संदेश लेकर गुज़री। रैली के समापन पर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय तुमाडबरी में एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कलेक्टर एवं अतिथियों ने फलदार पौधे जैसे आम, अमरूद, नींबू आदि के पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Next Story