
x
छत्तीसगढ़
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खाद्य विभाग ने होटल, रेस्टोरेंट और किराना दुकानों की जांच तेज कर दी है। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल हेरिटेज इन के निरीक्षण के दौरान किचन में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, बड़ी संख्या में कॉकरोच और गंदगी पाई गई। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने होटल का खाद्य लाइसेंस सस्पेंड करने की सिफारिश की है।
त्योहारी सीजन समाप्त होने के बाद खाद्य विभाग की टीम शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है। इसी अभियान के तहत अधिकारियों ने होटल हेरिटेज इन की किचन की जांच की। इस दौरान खाद्य सामग्री के रखरखाव और साफ-सफाई में कई खामियां सामने आईं। किचन में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने के साथ बड़ी संख्या में कॉकरोच भी पाए गए। अधिकारियों ने इन अनियमितताओं को खाद्य सुरक्षा और ग्राहकों के स्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर लापरवाही माना है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने होटल से बिरयानी राइस का सैंपल लिया है। इसे गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, किचन की खराब स्थिति को देखते हुए होटल का लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की गई है। खाद्य विभाग ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित फूडियो रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया। यहां खाना बनाने के दौरान साफ-सफाई के अभाव और गंदगी मिलने पर रेस्टोरेंट को सात दिनों के लिए बंद करने का नोटिस दिया गया है।
इसके अलावा बालको के भदरापारा स्थित साहू जनरल स्टोर की जांच के दौरान सरसों तेल में मिलावट की आशंका के चलते उसका सैंपल लिया गया। विभाग ने तेल का नमूना प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग की लगातार कार्रवाई से होटल, रेस्टोरेंट और किराना दुकानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ गई है। फिलहाल विभाग संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
Next Story





