
राजनांदगांव। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जिले के दौरे पर रहेंगे। वे शहर के ऐतिहासिक स्टेट हाई स्कूल मैदान में आयोजित 'प्रगतिशील किसान सम्मेलन' में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने इस भव्य आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस बड़े आयोजन में पूरे संभाग से बड़ी संख्या में किसानों और नागरिकों के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट चार्ट और ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। शनिवार सुबह 8 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक शहर के भीतर भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
कार्यक्रम स्थल पर एक वाटरप्रूफ और भव्य डोम (पंडाल) तैयार किया गया है, जिसमें हजारों लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। मंच के पीछे और गैलरी में लोकार्पण व भूमिपूजन के लिए दर्जनों शिलालेख तैयार हैं। मुख्यमंत्री इस अवसर पर राजनांदगांव जिले को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की घोषणाएं करेंगे।





