छत्तीसगढ़
शहीद वीर नारायण सिंह जयंती समारोह का CM विष्णुदेव साय को आमंत्रण
Shantanu Roy
14 Dec 2025 6:47 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गत दिवस रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में शासकीय आदर्श पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को शहीद वीर नारायण सिंह जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि शहीद वीर नारायण सिंह जयंती के अवसर पर 15 दिसंबर 2025 को रायपुर में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम से नई पीढ़ी को अवगत कराना है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रेरक आयोजन किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ के गौरव हैं और उनका जीवन संघर्ष, त्याग और देशभक्ति की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों में देशप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने आदिवासी बालक छात्रावास के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ अपने इतिहास और महापुरुषों के योगदान को जानना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सीएम साय ने जयंती समारोह के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करती है, जो समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाने में सहायक हों। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।
Tagsविष्णुदेव सायमुख्यमंत्रीशहीद वीर नारायण सिंहजयंती समारोहरायपुरआदिवासी बालक छात्रावासप्रतिनिधिमंडलसौजन्य मुलाकातमुख्य अतिथि आमंत्रणछात्र-छात्राएंछत्तीसगढ़सांस्कृतिक कार्यक्रमVishnudev SaiChief MinisterMartyr Veer Narayan SinghBirth Anniversary CelebrationRaipurTribal Boys HostelDelegationCourtesy MeetingChief Guest InvitationStudentsChhattisgarhCultural Program
Next Story





