छत्तीसगढ़

CM विष्णुदेव साय ने बच्चों संग उड़ाई पतंग

Shantanu Roy
14 Jan 2026 9:53 PM IST
CM विष्णुदेव साय ने बच्चों संग उड़ाई पतंग
x
छग
Raipur. रायपुर। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तातापानी महोत्सव के उल्लासपूर्ण माहौल में शामिल होकर पर्व की खुशियों को बच्चों के साथ साझा किया। मुख्यमंत्री ने महोत्सव स्थल पर बच्चों के साथ पतंगबाजी का आनंद लिया और इस पारंपरिक खेल के माध्यम से लोकसंस्कृति, उत्साह और सामूहिक आनंद का संदेश दिया। तातापानी महोत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, बच्चे और पर्यटक उपस्थित थे। रंग-बिरंगी पतंगों से सजा आसमान पर्व के उल्लास को और भी खास बना रहा था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बच्चों के बीच सहज और आत्मीय अंदाज में नजर आए। उन्होंने बच्चों से संवाद किया, उनकी पढ़ाई-लिखाई और रुचियों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि मकर संक्रांति केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह प्रकृति, परंपरा और सामाजिक एकता से जुड़ने का अवसर है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने तातापानी महोत्सव को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें मुख्यमंत्री सहित उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। महोत्सव स्थल पर पारंपरिक खान-पान, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की झलक भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री की मौजूदगी से बच्चों और आम नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और इस पल को यादगार बताया। तातापानी महोत्सव में मकर संक्रांति का यह आयोजन सामाजिक सौहार्द, आनंद और संस्कृति के संगम के रूप में याद किया जाएगा।
Next Story