
x
नक्सल-मुक्त भारत का संकल्प हो रहा साकार
Raipur. रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नक्सलवाद के विरुद्ध चल रही निर्णायक लड़ाई को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ओडिशा के कंधमाल–गंजाम सीमावर्ती वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए खुफिया-आधारित संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित CPI (माओवादी) संगठन के शीर्ष नेतृत्व में शामिल कुख्यात नक्सली नेता गणेश उइके को न्यूट्रलाइज़ किया जाना माओवादी तंत्र के लिए एक बड़ा और निर्णायक झटका है। मुख्यमंत्री ने इसे माओवादी नेटवर्क की रीढ़ पर सीधा प्रहार बताया।
नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार, नक्सल-मुक्त भारत का संकल्प हो रहा साकार
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) December 25, 2025
नक्सलवाद के विरुद्ध चल रही निर्णायक लड़ाई में आज ओडिशा के कंधमाल–गंजाम सीमावर्ती वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक और बड़ा प्रहार किया है। खुफिया-आधारित संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित CPI (माओवादी) संगठन के…
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत देती है कि अब नक्सल हिंसा के लिए देश में कहीं भी सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है। सुरक्षा बलों की सतत कार्रवाई और सटीक खुफिया सूचना के आधार पर किए जा रहे अभियानों से नक्सलियों की कमर टूट रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक देश और प्रदेश को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त किया जाए, और यह सफलता उसी दिशा में एक ठोस कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ नेतृत्व और माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सशक्त मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर स्पष्ट नीति, मजबूत रणनीति और अटूट इच्छाशक्ति के साथ नक्सल-मुक्त भारत की ओर तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि विकास, सुरक्षा और विश्वास तीनों को एक साथ आगे बढ़ाकर ही नक्सलवाद की जड़ों को समाप्त किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस साहसिक और प्रभावी अभियान के लिए सुरक्षा बलों के जवानों को नमन करते हुए उनकी बहादुरी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि दुर्गम जंगलों और कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए जवान देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत कर रहे हैं, यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने नक्सलियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सरकार अब किसी भी प्रकार की हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा, “हिंसा का रास्ता छोड़िए और मुख्यधारा से जुड़िए, अन्यथा कानून अपना काम करेगा।” सरकार शांति, विकास और संवाद के पक्ष में है, लेकिन जो लोग हथियार उठाकर लोकतंत्र को चुनौती देंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शांति, विकास और विश्वास ही नए भारत की पहचान है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को हिंसा के रास्ते से दूर रखकर राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
Next Story





