
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक, सामाजिक और खेल गतिविधियों के लिहाज से खास रहने वाला है. एक ओर प्रदेशभर में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है और 115 शहरों में अटल परिसरों का लोकार्पण हो रहा है, वहीं राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, सांसद खेल महोत्सव का समापन और विभिन्न सांस्कृतिक आयोजन होंगे.
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती आज पूरे छत्तीसगढ़ में मनाई जा रही है. इस अवसर पर प्रदेश के 115 शहरों में अटल परिसरों का लोकार्पण किया जाएगा. रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव कार्यक्रम में शामिल रहेंगे. लोकार्पण कार्यक्रम में 114 नगरीय निकाय वर्चुअली जुड़ेंगे. दोपहर 12.30 बजे अटल एक्सप्रेस-वे पर स्थापित अटल मूर्ति का अनावरण किया जाएगा, साथ ही फुंडहर चौक स्थित अटल परिसर का लोकार्पण होगा.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह 10.45 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पहुंचेंगे, जहां सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 12.30 बजे फुंडहर चौक स्थित अटल एक्सप्रेस-वे पहुंचकर 12.30 से 1.30 बजे तक नव निर्मित 100 अटल परिसरों का लोकार्पण करेंगे. दोपहर 1.45 बजे मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे.





