छत्तीसगढ़

CM साय ने अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन

Shantanu Roy
15 Aug 2024 3:42 PM GMT
CM साय ने अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन
x
छग
Raipur. रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 16 अगस्त को पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया है। उन्होंने कहा कि अटल जी बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। वे लोकप्रिय जननेता होने के साथ कवि और महान वक्ता भी थे। उनकी कविताएं आज भी लोगों के दिलों में बसी हैं। विश्व के प्रति उदारवादी सोच और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें सर्व प्रिय जननायक के रूप मे स्थापित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने भारत को विश्व पटल पर स्थापित करने में महती भूमिका निभाई। आजादी के बाद भारत की घरेलू और विदेश नीति को आकार देने में सक्रिय योगदान दिया।

अटल ने पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत को परमाणु शक्ति सम्पन्न देश घोषित किया। वाजपेयी जी के इस कदम ने भारत को विश्व में एक सुदृढ़ वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित कर दिया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत का मजबूती से पक्ष रखा और विरोधों का दृढ़ता पूर्वक सामना किया। उन्होंने दिल्ली-लाहौर बस सेवा की शुरुआत कर पाकिस्तान के साथ संबंधों में सुधार की पहल की। सद्भावनापूर्ण इस कदम के बाद हुए करगिल युद्ध में उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया। उनके नेतृत्व में देश की सेना ने कारगिल में कठिन परिस्थितियों में विजय प्राप्त कर वीरता की मिसाल पेश की। श्री साय ने कहा कि वाजपेयी के कार्यकाल में देश ने आर्थिक विकास की ऊंचाइयों को छुआ। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना के द्वारा देश के हर गांव और चारों कोनों को सड़क मार्ग से जोड़ा गया। ग्रामीण विकास सहित औद्योगिकीकरण के कई काम किए गए। देश के लिए अटल जी का योगदान अविस्मरणीय है।
Next Story