बीजेपी नेत्री सीमा पात्रा को लेकर सीएम भूपेश बघेल ने किया ट्वीट, क्या भाजपा आदिवासियों को इंसान नहीं समझती?

रायपुर। बीजेपी नेत्री सीमा पात्रा को लेकर सीएम भूपेश बघेल ने बीजेपी और RSS पर बड़ा हमला किया है. उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा - क्या भाजपा आदिवासियों को इंसान नहीं समझती? उन्हें दोयम दर्जे का नागरिक मानती है? अमानवीयता और गिरने की सारी हदें पार करने वाली 'नागपुर' संचालित स्वघोषित 'संस्कारी' पार्टी के नेताओं को जवाब देना होगा। इन्होंने छत्तीसगढ़ में भी डेढ़ दशक तक आदिवासियों का शोषण किया।
सीमा पात्रा गिरफ्तार
बता दें कि झारखंड के रिटायर्ड आईएएस (IAS) की पत्नी और बीजेपी नेत्री सीमा पात्रा (Seema Patra) को बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। वह रांची छोड़कर फरार होने की कोशिश कर रही थीं लेकिन अरगोड़ा पुलिस की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। सीमा पर आरोप हैं कि उन्होंने अपने घर में काम करने वाली नौकरानी सुनीता को बुरी तरह प्रताड़ित किया और उसे थर्ड डिग्री टॉर्चर किया।
मंगलवार को पुलिस ने सीमा पात्रा (Seema Patra) की कैद से आजाद कराई गई सुनीता का कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया है। उसने अपने बयान में खुद पर हुए जुल्म की पूरी कहानी कोर्ट के सामने बताई है। सुनीता के अनुसार, उसे गर्म तवे से जगह-जगह दागा गया है। लोहे के रॉड से उसके आगे के तीन-चार दांत तोड़ दिए गए गए। उसका खाना-पानी तक बंद कर दिया गया था। झारखंड सरकार के कार्मिक विभाग के एक अफसर की सूचना पर रांची पुलिस ने उसे 22 अगस्त को सीमा पात्रा के रांची के अशोकनगर स्थित आवास से मुक्त कराया था।