छत्तीसगढ़

जालंधर में बोले सीएम भूपेश बघेल - बीजेपी ने सिर्फ समाज में जहर घोलने का काम किया

Nilmani Pal
16 Feb 2022 9:07 AM GMT
जालंधर में बोले सीएम भूपेश बघेल - बीजेपी ने सिर्फ समाज में जहर घोलने का काम किया
x

रायपुर/पंजाब। सीएम भूपेश बघेल ने जालंधर में भाजपा की नीतियों पर जमकर बरसे। उन्होने कहा कि भाजपा फूट डालो, शासन करो की नीति पर काम करती है, जिसने समाज में जहर घोलने का काम किया है। भूपेश बघेल पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आज जालंधर पहुंचे हैं, जहां प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा के प्रथम और दूसरे चरण के चुनाव में पिछड्ने का दावा भी किया।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बघेल ने नोटबंदी, जीएसटी और कृषि क़ानूनों को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की इन नीतियों से देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गयी है। भाजपा 70 साल पर और पूर्व प्रधानमंत्रियों से सवाल करती है, जो अब यहां नहीं है। तो अब भाजपा से सवाल है कि नोटबंदी से कितना धन वापस आया, जीएसटी से किसको फायदा हुआ।

उन्होंने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जनता समझ चुकी है कि भाजपा और महंगाई का चोली दामन का साथ है। महंगाई पर नियंत्रण लगाना है तो भाजपा को हराना होगा। बघेल ने कहा कि राहुल गांधी ने न्याय की बात कही है। देश के धन का सही वितरण हो। छत्तीसगढ़ में हमने इसकी शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि पंजाब के शांति के वातावरण में भाजपा और दिल्ली के मुख्यमंत्री विद्वेष फैलाने का काम कर रहे हैं। कॉंग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और इसे होने भी नहीं देगी।

Next Story