छत्तीसगढ़
निगम के बहतराई क्षेत्र में नहीं हो रही सफाई, आम जनता परेशान
Shantanu Roy
18 March 2022 6:55 PM GMT

x
छत्तीसगढ़
बिलासपुर। निगर निगम के बहतराई क्षेत्र में सफाई की ओर ध्यान नहीं दिए जाने के कारण गंदगी फैल रही है। लोग मच्छरों के प्रकोप से परेशान हैं। घरों से निकलने वाला शौचालय का गंदा पानी बस्ती के सड़क पर फैलकर गढ्ढे में जमा हो गया है।
पानी की निकासी के लिए नाली नहीं होने के कारण लोग गंदगी से परेशान हैं। इस ओर जनप्रतिनिधि भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। नाली निर्माण तक नहीं किया गया है। यहां रहने वाले लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम में शामिल होने के बाद बहतराई के गली मोहल्ले में सफाई ठप है। जिससे चारों तरफ गंदगी पसरी रहती है। इससे मच्छरों के कारण लोगों को बीमारियों का खतरा बना हुआ है। आसपास के लोग बीमार पड़ने लगे हैं। शेषनारायण साहू का कहना है कि मोहल्ले की सफाई में ध्यान नहीं दिया जाता है।
दो-तीन माह में कभी-कभार नाली साफ करने वाले पहुंचते हैं। कई मोहल्ले में नाली नहीं होने के कारण वहां कर्मचारी जाते भी नहीं हैं। नाली निर्माण नहीं होने से गंदा पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। आसपास के लोग बदबू से से परेशान हैं। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है।
निगम होने का कोई फायदा नहीं मिला
महेश राम का कहना है कि ग्राम पंचायत के दौरान नाली, सड़क निर्माण के लिए पैसे मिले थे, लेकिन जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण काम शुरू नहीं हो सका। जब से नगर निगम में शामिल हुआ है। तब से यहां विकास कार्य ठप पड़ा है।
निगम होने का किसी भी व्यक्ति को कोई फायदा नहीं मिल रहा है। उल्टा घाटे में जा रहे हैं। कुछ भी काम करवाने से पहले लोगों को कई प्रकार के दफ्तरों का चक्कर लगाना पड़ता है। जिससे वे परेशान हो जाते हैं। जब ग्राम पंचायत व्यवस्था थी। तब सभी काम पंचायत में ही हो जाता था।

Shantanu Roy
Next Story