छत्तीसगढ़

गणेश पंडालों में स्वच्छता अभियान, इको फ्रेंडली उत्सव का संदेश

Shantanu Roy
15 Sept 2026 6:08 PM IST
गणेश पंडालों में स्वच्छता अभियान, इको फ्रेंडली उत्सव का संदेश
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी में गणेशोत्सव को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाने के लिए रायपुर नगर निगम ने जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। नगर निगम जोन क्रमांक 3 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गणेश पंडालों में पहुंचकर आयोजन समितियों के पदाधिकारियों को इको फ्रेंडली गणेशोत्सव मनाने के लिए जागरूक किया। इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने, सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखने, फूलों के लिए अलग डस्टबिन की व्यवस्था करने और निर्धारित स्थल पर ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने की जानकारी दी गई।

नगर निगम की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत गणेशोत्सव 2026 को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जोड़ते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से गणेश उत्सव समितियों से पंडाल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की जा रही है। महापौर मीनल चौबे, नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री चंद्राकर और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अभियान संचालित किया जा रहा है। अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय और उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में गणेश उत्सव समितियों से संपर्क कर रही हैं।

इसी क्रम में जोन क्रमांक 3 में जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने गणेश पंडालों में जागरूकता अभियान चलाया। जोन स्वास्थ्य अधिकारी उमेश नामदेव की उपस्थिति में स्वच्छता निरीक्षक झनेंद्र कुमार साहू और प्रवीण चंद्राकर सहित टीम के सदस्यों ने विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों से मुलाकात की। टीम नवजागृति गणेश उत्सव समिति शक्ति नगर, श्री सिद्धि विनायक समिति खम्हारडीह और संकल्प सार्वजनिक गणेश उत्सव समिति दुर्गा मैदान शंकर नगर के पंडालों में पहुंची। यहां आयोजन समिति के सदस्यों को इको फ्रेंडली तरीके से गणेशोत्सव मनाने के उपाय बताए गए।

निगम की टीम ने पदाधिकारियों से कहा कि गणेश पंडालों में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया जाए। श्रद्धालुओं और आयोजन से निकलने वाले कचरे के उचित निपटान की व्यवस्था रखने के लिए भी कहा गया। सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने और उसे निगम के सफाई वाहन में सफाई मित्रों को देने की जानकारी दी गई। पूजा के दौरान बड़ी मात्रा में निकलने वाले फूल और अन्य पूजन सामग्री के लिए अलग डस्टबिन रखने की सलाह भी दी गई। पंडाल परिसर के साथ आसपास की सड़कों और
सार्वजनिक
स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने तथा नियमित साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई।

नगर निगम ने गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी समितियों को जानकारी दी। एनजीटी के आदेश के अनुरूप नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने के लिए कहा गया है। इसका उद्देश्य जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। नगर निगम का कहना है कि गणेशोत्सव के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनभागीदारी जरूरी है। आयोजन समितियों और श्रद्धालुओं के सहयोग से उत्सव को स्वच्छ, व्यवस्थित और इको फ्रेंडली बनाया जा सकता है।
Next Story