छत्तीसगढ़
रायपुर में 4 दिन तक सफाई बंद, ठेकेदार पर 10 हजार का जुर्माना
Shubhra Nandy
24 Oct 2026 11:04 AM IST

x
नवाज इंटरप्राइजेस को नोटिस
रायपुर : राजधानी रायपुर में सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। जोन-9 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 8 स्थित खालबाड़ा बीएसयूपी क्षेत्र में लगातार चार दिनों तक सफाई कार्य बंद रखने पर ठेकेदार मेसर्स नवाज इंटरप्राइजेस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी कर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बिना सूचना चार दिन तक बंद रखा सफाई कार्य
नगर निगम के अनुसार, खालबाड़ा बीएसयूपी क्षेत्र में 20 से 23 अक्टूबर तक सफाई कार्य नहीं किया गया। ठेकेदार ने न तो काम बंद करने की पूर्व अनुमति ली और न ही निगम प्रशासन को इसकी जानकारी दी। इस लापरवाही के कारण क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई। मामला सामने आने के बाद जोन-9 कमिश्नर हितेन्द्र यादव ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
24 घंटे में व्यवस्था सुधारने के निर्देश
जोन-9 के स्वास्थ्य विभाग ने ठेकेदार को जोन कमिश्नर के समक्ष उपस्थित होकर लिखित जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। इसके साथ ही सफाई कार्य तत्काल शुरू करने और अगले 24 घंटे के भीतर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि ठेकेदार का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो अनुबंध की शर्तों और निर्धारित नियमों के अनुसार ठेका निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। निगम ने बिना अनुमति सफाई कार्य बंद रखने को अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन और कार्य में लापरवाही माना है। फिलहाल ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है और सफाई व्यवस्था तत्काल बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
Next Story





