छत्तीसगढ़

भाजयुमो के कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच हुई झड़प

Nilmani Pal
14 Oct 2022 12:20 PM GMT
भाजयुमो के कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच हुई झड़प
x

जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय के कचहरी चौक पर शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने छत्तीसगढ़ सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। भाजयुमो नेता-कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सीएम का पुतला भी फूंका, जिसे पुलिस ने रोकने की कोशिश की और जलते हुए पुतले को पानी डालकर बुझाया। इस दौरान पुलिस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच बहसबाजी और झड़प भी हुई। भाजयुमो पदाधिकारी बड़ी संख्या में आज शहर के कचहरी चौक पर जमा हुए थे। उन्होंने राज्य सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

भाजयुमो के प्रदेश मंत्री जितेंद्र देवांगन ने आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है, तब से ये अपराधियों का गढ़ बन गया है। छत्तीसगढ़ में यह खुलेआम फायरिंग हो रही है, लूटपाट किया जा रहा है, हत्याएं हो रही हैं, रेत माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जमकर अवैध वसूली का खेल चल रहा है, जिसमें सरकार के लोग भी शामिल हैं। भाजयुमो नेता जितेंद्र देवांगन ने प्रदेश सरकार पर गुंडागर्दी का आरोप भी लगाया।

Next Story