छत्तीसगढ़
‘जय श्रीराम’ के नारों से गर्भपात होने का दावा, रायपुर में प्रदीप गौर का विवादित बयान; मचा बवाल
Shubhra Nandy
24 Nov 2026 7:19 AM IST

x
हनुमान प्रसंग का हवाला
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद (AHP) की कार्यकर्ता कार्यशाला में संगठन के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री प्रदीप गौर ने विवादित बयान दिया है। धार्मिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने गर्भपात को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं से जोरदार तरीके से ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने को कहा। वहीं, छत्तीसगढ़ के चार दिवसीय प्रवास पर पहुंचे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने संगठन के विस्तार और विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की।
गर्भपात को लेकर कही आपत्तिजनक बात
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदीप गौर ने कहा कि ‘जय श्रीराम’ के नारे इतनी जोर से लगाए जाएं कि जिस महिला के गर्भ में आतंकवादी पल रहा है, उसका गर्भपात हो जाए। उन्होंने अपने संबोधन में हनुमान जी के लंका पहुंचने से जुड़ा प्रसंग भी सुनाया। गौर ने दावा किया कि लंका में हनुमान जी द्वारा लगाए गए नारों से राक्षसनियों का गर्भपात हो गया था। इसी कथित प्रसंग का हवाला देते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऊंची आवाज में नारे लगाने की अपील की। संबोधन के दौरान कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से ‘जय श्रीराम’ के नारे भी लगवाए गए।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया 23 नवंबर से छत्तीसगढ़ के चार दिवसीय प्रवास पर हैं। दौरे की शुरुआत उन्होंने रायपुर जिला कार्यकारिणी की बैठक में सहभागिता के साथ की। इस दौरान संगठन की ओर से हाल ही में प्रारंभ की गई हिंदू हेल्पलाइन और हनुमान चालीसा केंद्रों के संचालन एवं गतिविधियों पर चर्चा की गई। तोगड़िया ने कार्यकर्ताओं से संगठन की पहुंच बढ़ाने और घर-घर संपर्क स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को हिंदू समाज की सुरक्षा, समृद्धि और एकजुटता के लिए कार्य करने की शपथ भी दिलाई।
कश्मीर से हिंदुओं के विस्थापन का जिक्र
शपथ के दौरान हिंदू समाज के ऐतिहासिक संघर्षों, हिंसा, अत्याचार और विस्थापन का उल्लेख किया गया। कश्मीर से हिंदुओं के विस्थापन का जिक्र करते हुए समाज को संगठित और आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। संगठन की गतिविधियों को गांवों, शहरों और गली-मोहल्लों तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में संगठन से जुड़े लोगों को केवल सदस्यता अभियान तक सीमित नहीं रहने, बल्कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही गई। परिवारों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन पर भी बल दिया गया। प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि संगठन ऐसे समाज के निर्माण की दिशा में काम करेगा, जिसमें प्रत्येक परिवार को सम्मान मिले, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध हों और परिवार स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन व्यतीत कर सकें।
कार्यशाला के दौरान प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शनिवार को परिवार तथा समाज के अन्य लोगों के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ करने का संकल्प लिया गया। इसके माध्यम से आपसी सहयोग, सेवा, एकजुटता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की बात कही गई। रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक संपर्क और धार्मिक कार्यक्रमों को विस्तार देने पर चर्चा हुई। वहीं, कार्यशाला के दौरान राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री प्रदीप गौर की गर्भपात संबंधी विवादित टिप्पणी भी सामने आई।
Next Story





