छत्तीसगढ़

रायपुर में चैन स्नैचिंग आरोपी को पकड़ने वाले नागरिक सम्मानित

Shantanu Roy
22 May 2026 9:57 PM IST
रायपुर में चैन स्नैचिंग आरोपी को पकड़ने वाले नागरिक सम्मानित
x
पुलिस कमिश्नर ने दिया प्रशस्ति पत्र
Raipur. रायपुर। रायपुर में चैन स्नैचिंग की घटना के दौरान साहस और सजगता दिखाने वाले दो नागरिकों को पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सम्मानित किया गया। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में हुई इस घटना में आरोपी को पकड़ने और पुलिस कार्रवाई में सहयोग करने वाले नागरिकों को पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला ने प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया कृतिका यदु निवासी बैरन बाजार रायपुर अपने घर से पैदल जिम जा रही थीं। इसी दौरान एसबीआई बैंक रीजनल कार्यालय के पास एक युवक ने उनके गले से सोने की चैन छीनने का प्रयास किया।

घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाई और आरोपी को पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 286/26 के तहत धारा 304(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी रेहान साहू पिता अजय साहू निवासी गोलबाजार को गिरफ्तार कर लिया। घटना के दौरान आरोपी को पकड़ने में सहयोग करने वाले हिमांशु सोनी निवासी पेंशन बाड़ा और शोभरन सिंह ठाकुर निवासी काशीराम नगर की बहादुरी और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आम नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से अपराधों पर नियंत्रण पाने में बड़ी मदद मिलती है।

सम्मान समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला ने कहा कि सुरक्षित समाज के निर्माण में जागरूक नागरिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे उदाहरण समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और अन्य लोगों को भी अपराध के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित करते हैं। रायपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और नागरिकों की तत्परता की सराहना की है। पुलिस विभाग का मानना है कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से शहर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
Next Story