छत्तीसगढ़

CISF जवानों ने माइनिंग कर्मचारी को डीजल चोर समझकर पीटा, जमकर हुआ बवाल

Nil dhankar
16 Oct 2022 10:53 AM IST
CISF जवानों ने माइनिंग कर्मचारी को डीजल चोर समझकर पीटा, जमकर हुआ बवाल
x

कोरबा। जिले में शनिवार को CISF जवानों और SECL कर्मचारियों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। CISF जवानों ने दीपका परियोजना में काम कर रहे माइनिंग कर्मचारी काे डीजल चोर समझकर पकड़ा और एक घंटे तक उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस घटना का पता चलते ही एसईसीएल कर्मचारी भड़क गए।

दीपका परियोजना के MTK-2 नंबर पर सुबह की शिफ्ट में काम करने के लिए जब कर्मचारी पहुंचे, तो पीड़ित नीलेश कुमार ने बताया कि उसे डीजल चोर कहकर जमकर जवानों ने मारा है। जिसके बाद SECL कर्मचारियों का गुस्सा भड़क गया। इसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों और उनके बीच जमकर मारपीट हुई। बाद में प्रबंधन ने दोनों के बीच सुलह कराई। दीपका परियोजना में नीलेश कुमार माइनिंग ऑफिसर हैं। उस पर डीजल चोरी का आरोप लगाते हुए CISF जवानों ने बंधक बना लिया था और उसके साथ मारपीट की गई थी। वो अपना परिचय देता रहा, लेकिन जवानों ने उसकी एक बात नहीं सुनी।

घटना की जानकारी लगने पर पहले तो CISF जवानों और SECL कर्मचारियों के बीच बहस हुई और इसके बाद नौबत मारपीट तक पहुंच गई। CISF जवानों ने कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मामले की जानकारी लगने के बाद परियोजना अधिकारी मनोज सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों के बीच तनाव को शांत कराया। SECL के कर्मचारियों का कहना है कि खदान में 3 शिफ्ट चलती है, जिसमें अलग-अलग खदान क्षेत्रों में कर्मचारियों का काम बंटा हुआ है।

Next Story