छत्तीसगढ़

हैंडपंपों का क्लोरीनेशन, जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए विभाग की प्रभावी पहल

Shantanu Roy
30 July 2026 11:31 PM IST
हैंडपंपों का क्लोरीनेशन, जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए विभाग की प्रभावी पहल
x
छग
MCB. एमसीबी। जिले के विकासखंड मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलोखन के ग्राम धनहर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा सार्वजनिक हैंडपंपों का क्लोरीनेशन कर ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इस अभियान का उद्देश्य पेयजल स्रोतों को संक्रमणमुक्त बनाना, जलजनित बीमारियों की रोकथाम करना तथा ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता आकाश पोद्दार के निर्देशानुसार विभाग की तकनीकी टीम एवं हैंडपंप टेक्निशियनों ने ग्राम के सभी सार्वजनिक हैंडपंपों में निर्धारित मानकों के अनुरूप 30 एमएल क्लोरीन का उपयोग कर क्लोरीनेशन किया। इस प्रक्रिया के माध्यम से पेयजल में मौजूद हानिकारक जीवाणुओं, बैक्टीरिया एवं संक्रमण फैलाने वाले सूक्ष्मजीवों का प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया गया, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।

अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग, जल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई, जल संरक्षण तथा पेयजल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों ने विभाग की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षित पेयजल के संरक्षण का संकल्प लिया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में क्लोरीनेशन, जल गुणवत्ता परीक्षण एवं पेयजल संरक्षण संबंधी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके और जलजनित रोगों की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित की जा सके। विभाग का यह अभियान ग्रामीण स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हो रहा है।
Next Story