छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कर रहे संबोधन

Shantanu Roy
16 April 2024 4:21 PM GMT
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कर रहे संबोधन
x
देखें LIVE VIDEO...
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कांकेर जिले में हुई नक्सल मुठभेड़ पर कहा कि कांकेर में आज दोपहर लगभग दो बजे जिला कांकेर के थाना छोटेबेटिया क्षेत्रांतर्गत बिनागुंडा एवं कोरोनार के मध्य हापाटोला के जंगल में डीआरजी एवं बीएसएफ की संयुक्त पार्टी और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में अभी तक 29 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। घायलों को अस्पताल में लाया जा रहा है। मुठभेड़ में 03 जवान भी घायल हुए हैं, उनका उपचार किया जा रहा है। घायल जवानों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है।

यह ऐतिहासिक सफलता है। मैं इस मुठभेड़ में शामिल सभी जवानों और सुरक्षा अधिकारियों को बधाई देता हूँ। छत्तीसगढ़ के नक्सल मामलों के इतिहास की यह सबसे बड़ी सफलता है। माओवादी लोकतंत्र में आस्था नहीं रखते और हर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को हिंसात्मक गतिविधि से प्रभावित करते हैं। इस मामले में भी ऐसा लगता है कि माओवादी चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश में थे। मुठभेड़ का क्षेत्र बस्तर और कांकेर दोनों लोकसभा क्षेत्र के नजदीक है। बस्तर में तो दो दिन बाद ही चुनाव है। कल चुनाव प्रचार भी वहाँ बंद हो जाएगा। इससे पहले भी माओवादी बस्तर में चुनाव बहिष्कार का और अन्य तरह से चुनावी संभावनाओं को प्रभावित करने का कुचक्र रचते रहे हैं। इस बार भी वे बड़ी वारदात को कोशिश में थे जिसे सीमा सुरक्षा बलों और पुलिस ने नाकाम कर दिया है।
हमारी सरकार माओवादी आतंकवाद से प्रभावित क्षेत्र में नियद नेल्लानार आदि योजनाओं के ज़रिये विकास सुनिश्चित करते हुए, आलोकतांत्रिक हिंसा के विरुद्ध कड़ाई से निपटने के सिद्धांत के साथ, इस समस्या के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है। जैसा कि भारत के माननीय गृह मंत्री जी ने आह्वान किया था, हमारी प्राथमिकता बस्तर को नक्सल मुक्त करने की है। निश्चित ही बस्तर में शांति बहाली की दृष्टि से यह बड़ी सफलता है, हालांकि सरकार यह चाहती है कि खून-खराबे का यह खेल बंद हो। हम फिर से माओवादियों से यह कहना चाहते हैं कि वे हिंसा का रास्ता छोड़ें। विकास की मुख्यधारा में शामिल हों। उनके आतंक और हिंसा से कोई समाधान नहीं निकालने वाला है।
इस ऑपरेशन में लगे सुरक्षा बलों और पुलिस को फिर से बधाई। धन्यवाद।

कांकेर में 29 नक्सली मारे गए
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में मंगलवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 29 नक्सलियों को मार गिराया है। इस घटना में तीन जवान भी घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कांकेर जिला कांकेर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जहां 26 अप्रैल को आम चुनाव के दूसरे चरण में मतदान होगा। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि जिले के छोटेबेठिया पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीनागुंडा और कोरोनार गांवों के मध्य हापाटोला गांव के जंगल में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 29 नक्सलियों को मार गिराया है।
सुंदरराज ने बताया कि सुरक्षाबलों को माओवादियों के उत्तरी बस्तर डिवीजन के नक्सली शंकर, ललिता, राजू समेत अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के बाद छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया। दल मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे हापाटोला गांव के जंगल में था तभी नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस अधिकारी ने बताया, ''प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से 29 नक्सलियों का शव, एके-47 राइफल, एसएलआर राइफल, इंसास राइफल और 303 बंदूक समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद किया गया है।''
उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर हो रही गोलीबारी के बीच इलाके में अब भी खोजी अभियान जारी है। अभियान खत्म होने के बाद अधिक जानकारी साझा की जाएगी। सुंदरराज ने बताया, ''मुठभेड़ में तीन जवान घायल हुए हैं तथा उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। जवानों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।'' नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में बड़ी संख्या में बीएसएफ को तैनात किया गया है। इस घटना के साथ ही इस वर्ष में अब तक कांकेर सहित बस्तर क्षेत्र के सात जिलों में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग मुठभेड़ों में 79 नक्सलियों को मार गिराया है। कांकेर लोकसभा क्षेत्र से लगे नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल को आम चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा। इस महीने की दो तारीख को राज्य के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 13 नक्सली मारे गये थे।
Next Story