छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया ‘उड़ान दिव्यांग बहुउद्देशीय सहकारी समिति' के लोगो का विमोचन
Shantanu Roy
21 Nov 2026 3:41 PM IST

x
छग
Balodabazar. बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा की उपस्थिति में जिला प्रशासन बलौदाबाजार-भाटापारा की अभिनव पहल ‘उड़ान दिव्यांग मल्टीपरपज कोऑपरेटिव सोसाइटी’ के आधिकारिक लोगो का विमोचन किया। यह पहल दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तीकरण, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की दिशा में समावेशी विकास का एक नया प्रतिमान प्रस्तुत करती है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के नेतृत्व एवं विशेष प्रयासों से इस अभिनव अवधारणा को धरातल पर साकार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी न रखकर उद्यमों का स्वामी, संचालक, उत्पादक और रोजगार सृजित करने वाला उद्यमी बनाना है।‘उड़ान’ दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तीकरण, ग्रामीण उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण और सहकारी विकास का राष्ट्रीय स्तर पर एक अग्रणी एवं अनुकरणीय मॉडल बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
‘उड़ान’ अपने स्वरूप, स्वामित्व, प्रबंधन और बहुउद्देशीय उद्यम संरचना के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर एक अनूठा एवं विशिष्ट सहकारी मॉडल बनने की क्षमता रखता है। इसे ऐसी जिला-स्तरीय बहुउद्देशीय सहकारी समिति के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें सदस्य, स्वामी और संचालक स्वयं दिव्यांगजन होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के दिव्यांगजन सदस्य बनकर सामूहिक रूप से उद्यमों का स्वामित्व, प्रबंधन एवं संचालन करेंगे। इस पहल की विशेषता यह है कि दिव्यांगजन केवल रोजगार पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी बनेंगे। सामूहिक स्वामित्व, दिव्यांगजनों के नेतृत्व में प्रबंधन और अनेक आजीविका एवं रोजगार सृजन उद्यमों को एक सहकारी ढांचे में जोड़ना इसकी विशिष्ट पहचान है।यह मॉडल देश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय बन सकता है और सहकारिता के माध्यम से दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तीकरण की एक नई दिशा प्रस्तुत कर सकता है। शुरुआत के पहले ही महीने में लगभग 15 लाख रुपये का कारोबार-‘उड़ान’ सहकारी समिति ने दिवाली गिफ्टिंग एवं कॉर्पोरेट गिफ्ट हैम्पर्स के निर्माण और आपूर्ति से अपनी व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कीं।
शुरुआत के पहले ही महीने में समिति ने लगभग 15 लाख रुपये का कारोबार किया। यह समिति की व्यावसायिक क्षमता और सदस्यों की उद्यमशीलता का उत्साहजनक उदाहरण है। विभिन्न उद्यमों के माध्यम से रोजगार एवं पर्यावरण संरक्षण-‘उड़ान’ के अंतर्गत कई बहुउद्देशीय उद्यम विकसित किए जा रहे हैं जिनमें सीमेंट संयंत्रों में उपयोग किए जा चुके फिल्टर बैग के कपड़े से बैग एवं अन्य उपयोगी उत्पादों का निर्माण, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर प्लांट, स्थानीय कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं पैकेजिंग, उड़ान कैफे,कॉमन सर्विस सेंटर स्टेशनरी, प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग: सरकारी, संस्थागत एवं कॉर्पोरेट आवश्यकताओं के अनुरूप सेवाएं, गिफ्ट हैम्पर्स, मोमेंटो, टी-शर्ट, कैप एवं अन्य प्रचार सामग्री का निर्माण और आपूर्ति प्रमुख हैं। सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भरता का नया मॉडल- ‘उड़ान’ की मूल सोच दिव्यांगजनों को रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी के रूप में स्थापित करना है। इसमें सदस्य उद्यमों के विकास, उत्पादन, विपणन, प्रबंधन और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। इससे उन्हें सम्मानजनक आजीविका, आर्थिक स्वतंत्रता और सामूहिक उद्यमिता के अवसर प्राप्त होंगे। लोगो विमोचन के अवसर पर सहकारी समिति की अध्यक्ष राधा निषाद, मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. मयूर गुप्ता ने समिति की ओर से मुख्यमंत्री को समिति के सदस्यों द्वारा तैयार उत्पादों से युक्त विशेष उपहार हैम्पर भी भेंट किया गया।
Next Story





