वाइब्रेंट गुजरात समिट की सफलता और सीएम डैशबोर्ड से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री साय

रायपुर/गुजरात। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से भेंट की। सीएम साय एकता नगर में चल रहे भारत पर्व में सोमवार रात होने वाली छत्तीसगढ़ राज्य की विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए गुजरात यात्रा पर आए हैं।
वे आगामी समय में छत्तीसगढ़ में आयोजित होने जा रहे छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट में गुजरात के निवेशकों को आकर्षित करने के लिए मंगलवार को अहमदाबाद में उनके साथ बैठकें करने वाले हैं। इन कार्यक्रमों से पहले साय ने सोमवार को गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से मुलाकात की और गुजरात द्वारा वाइब्रेंट समिट की उत्तरोत्तर सफलता के चलते मोस्ट प्रिफर्ड डेस्टिनेशन फॉर इन्वेस्टमेंट का स्थान प्राप्त किए जाने के बारे में जानने में गहरी रुचि दर्शाई।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में इस वर्ष रीजनल वाइब्रेंट कॉन्फ्रेंस के प्रयोग द्वारा गुजरात के जिलों में औद्योगिक निवेशकों को प्रोत्साहित कर वोकल फॉर लोकल तथा लोकल टु ग्लोबल के उद्देश्य के साथ वर्ल्ड मार्केट देने के दृष्टिकोण से अवगत कराया। साय ने गुजरात की इंडस्ट्रियल पॉलिसी की विस्तृत जानकारी के लिए प्रधान उद्योग सचिव सहित वरिष्ठ सचिवों के साथ भी बैठक की।
इतना ही नहीं; उन्होंने गुजरात में पब्लिक डिलीवरी सर्विसेज सिस्टम तथा जन हितकारी योजनाओं की ट्रांसपरेंट एवं रीयल टाइम मॉनिटरिंग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशादर्शन में विकसित किए गए सीएम डैशबोर्ड की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने के लिए सीएम डैशबोर्ड की भी मुलाकात ली। वे रीयल टाइम मॉनिटरिंग तथा जन संवाद केन्द्र के फीडबैक मैकेनिज्म के कामकाज की सघन जानकारी प्राप्त कर प्रभावित हुए। उन्होंने गुजरात की ऐसी पहलों को छत्तीसगढ़ में शुरू करने में भी रुचि दर्शाई।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल के साथ मुलाकात के अवसर पर मुख्यमंत्री की अपर प्रधान सचिव अवंतिका सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. विक्रांत पांडे, इंडस्ट्रियल एक्सटेंशन ब्यूरो (इंडेक्स्ट-बी) के प्रबंध निदेशक श्री केयुर संपत तथा सीएम डैशबोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी सहभागी हुए।





