मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात

दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की. इससे पहले नीतीश कुमार ने मुलायम सिंह यादव और अरविंद केजरीवाल समेत देश के शीर्ष सात नेताओं से मुलाकात की। सबसे पहले वे माकपा के दिल्ली स्थित कार्यालय गये और वहां पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी से मिले। इसके बाद सीपीआई महासचिव डी राजा से उनके पार्टी कार्यालय, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला से उनके आवास पर भेंट की। इसके बाद मेदांता अस्पताल जाकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव से मुलाकात की।
डी राजा से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में नीतीश कुमार ने भाजपा का नाम लिये बगैर कहा कि वह सोचती है कि देश में विपक्ष खत्म हो जाएगा। लेकिन, ऐसा नहीं है। हम भी अब विपक्ष में आ गये हैं। देशभर के विपक्षी दलों को एकजुट करेंगे। सभी विपक्षी दल मिलकर देश को आगे बढ़ाएंगे। मीडिया के एक सवाल पर उन्होंने कहा कि हमलोग देश का मॉडल बनाने में लगे हैं। हम साथ हैं। अकेले बिहार की बात नहीं है। यह भी कहा कि हमलोगों का सीपीआई के साथ बहुत पुराना संबध है। जब हम सांसद बने, तब से ही। सीपीआई ने मुझे सपोर्ट किया था। बीच में हम अलग हो गये थे, पर फिर साथ आये हैं। नीतीश कुमार ने एकबार फिर दोहराया कि उनकी प्रधानमंत्री बनने की महत्वकांक्षा नहीं है, वह सिर्फ विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं।