मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राजधानी में आयोजित कार्यक्रमों में होंगे शामिल

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यानि 12 मार्च को राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके तहत बघेल दोपहर 12 बजे रायपुर के पं. डीडीयू ऑडिटोयिरम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला कार्यक्रम और दोपहर 1.05 बजे से साईंस कॉलेज मैदान में आयोजित कलार महासम्मेलन - 2023 में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा पर त्वरित अमल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा पर त्वरित अमल करते हुए प्रदेश के सभी 170 नगरीय निकायों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए एक हजार करोड़ रुपए की स्वीकृति का आदेश नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी कर दिया गया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बघेल ने राजधानी रायपुर में 15 फरवरी को नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा आयोजित नगरीय गौरव समागम कार्यक्रम में सभी नगरीय निकायों को विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 1 हजार करोड़ रूपए की राशि देने की घोषणा की थी, जिसके तारतम्य में नगरीय प्रशासन विभाग ने स्वीकृति का आदेश जारी किया है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप प्रदेश की 14 नगर निगमों में से नगर निगम रायपुर को 100 करोड़ रूपए, भिलाई नगर निगम को 60 करोड़ रूपए, बिलासपुर नगर निगम को 50 करोड़ रूपए, दुर्ग नगर निगम को 25 करोड़ रूपए, भिलाई-चरौदा, अम्बिकापुर, जगदलपुर नगर निगमों को 20-20 करोड़ रूपए, रिसाली, राजनांदगांव, रायगढ़ एवं कोरबा को 15-15 करोड़ रूपए, बीरगांव, धमतरी एवं चिरमिरी नगर निगम को 10-10 करोड़ रूपए की राशि विभिन्न विकास कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है।
इसी प्रकार सभी 44 नगर पालिकाओं को विकास कार्यों के लिए 5-5 करोड़ रुपए और सभी 112 नगर पंचायतों को 3-3 करोड़ रूपए की स्वीकृति जारी की गई है।
नगर निगमों और नगर पालिकाओं में बनेंगे ’अर्बन कॉटेज एण्ड सर्विस इंडस्ट्रीज पार्क’
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की तर्ज पर सभी नगर निगमों और नगर पालिकाओं में ’अर्बन कॉटेज एण्ड सर्विस इंडस्ट्रीज पार्क’ विकसित करने के लिए 2-2 करोड़ रूपए की स्वीकृति जारी की गई है।