छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 23 को जाएंगे बिहार

HARRY
21 Dec 2020 6:17 AM GMT
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 23 को जाएंगे बिहार
x

रायपुर (जसेरि)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 23 दिसम्बर को एक दिन के बिहार दौरे पर जाएंगे। वे वहां दरभंगा जिले के लहेरियासराय में आयोजित बिहार के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. नगेंद्र झा की प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल होंगे। नगेंद्र झा महिला महाविद्यालय परिसर में इस प्रतिमा को स्थापित किया गया है। यह आयोजन बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य मदनमोहन झा की राजनीति से जुड़ा हुआ है। मदनमोहन झा, पूर्व शिक्षा मंत्री और दरभंगा क्षेत्र के दिग्गज कांग्रेस नेता रहे डॉ. नगेंद्र झा के पुत्र हैं। लहेरियासराय में पिता के नाम पर स्थापित महिला महाविद्यालय में उन्होंने एक प्रतिमा लगवाई है। बताया जा रहा है, मदनमोहन झा पहले राज्यपाल से अथवा किसी बड़े केंद्रीय नेता को इसमें बुलाना चाहते थे। दूसरी व्यस्तताओं के हवाले से उनको समय नहीं मिला तो मदनमोहन झा ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से संपर्क किया। पिछले डेढ़ वर्षों से बिहार की राजनीति से घुलमिल चुके भूपेश बघेल ने वहां आने की सहमति दे दी।

बिहार विधानसभा चुनाव में भूपेश बघेल कांग्रेस के स्टार प्रचारक थे। उन्होंने टुकड़ों में कई दिन वहां बिताए। दर्जन भर से अधिक जनसभाओं को संबोधित किया। उनका प्रचार क्षेत्र भी मिथिला और मगध क्षेत्र ही रहा।

चुनाव बाद जब कांग्रेस विधायक दल का नेता चुनने की नौबत आई तो भी केंद्रीय नेतृत्व ने भूपेश बघेल को ही पटना भेजा। हालांकि, चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी के बाद भी सदाकत आश्रम में कांग्रेस नेताओं के बीच मारपीट हुई। तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 23 दिसम्बर को दोपहर 12.50 बजे विशेष विमान से रवाना होंगे। दोपहर बाद 2.30 बजे तक उन्हें दरभंगा हवाई अड्डे पर पहुंचना है। वहां से कार से 15-20 मिनट में लहेरिया सराय जाएंगे। करीब एक घंटे के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दरभंगा हो हुए रायपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।

Next Story