दिल्ली में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ का पारम्परिक वाद्य यंत्र तुरही बजाया

रायपुर/दिल्ली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नई दिल्ली के किरण नादर म्यूजियम ऑफ आर्ट में आयोजित टूरिज्म कॉन्क्लेव में शामिल हुए। उन्होंने कॉन्क्लेव में लगाए गए छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति और लोक कला पर केंद्रित स्टॉलों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान छत्तीसगढ़ का पारम्परिक वाद्य यंत्र तुरही भी बजाया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर छत्तीसगढ़ में एक नवम्बर से आयोजित किए जा रहे 'राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव' पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी सम्बोधित किया।
सीएम भूपेश बघेल ने नेशनल ट्राइबल डांस फेस्टिवल 2022 के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि इस बार इसमें 7 से ज्यादा देशों के कलाकार शामिल होंगे। वहीं देश के विभिन्न राज्यों से करीब 1400 कलाकार आएंगे। विदेशों से 100 कलाकार आएंगे। डांस फेस्टिवल में भारत और दुनिया की विभिन्न जनजातियों की संस्कृति और नृत्य का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के मौके पर राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2022 की शुरुआत होगी।