छत्तीसगढ़

इंदौर में मारा गया छत्तीसगढ़ का युवक, हत्या की वजह अज्ञात

Nilmani Pal
15 Feb 2026 1:50 PM IST
इंदौर में मारा गया छत्तीसगढ़ का युवक, हत्या की वजह अज्ञात
x

जांजगीर। सक्ती जिले के हसौद इलाके के देवरघटा गांव के रहने वाले 40 वर्षीय खोजराम नारंग की इंदौर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनका खून से लथपथ शव 12 फरवरी की सुबह एमआर-4 रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला। वह बुधवार रात से लापता था। मरने से पहले उन्होंने पत्नी को फोन कर बताया था कि कुछ युवकों से उनका झगड़ा हो रहा है। उसी कॉल के दौरान मारपीट की आवाजें आईं और फिर मोबाइल बंद हो गया।

खोजराम नारंग इंदौर के पोलोग्राउंड इलाके में स्थित युग कलर फोटो स्टूडियो लैब में फोटो एल्बम बनाने का काम करता था। करीब चार-पांच महीने पहले ही वहां नौकरी करने गया था। वहां वह अपने दो भाइयों, दो बहनों और एक चचेरे भाई सहित 10-12 लोगों के साथ लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन के सामने किराए के मकान में रहता था। 12 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे बांगंगा थाना पुलिस को रेलवे ट्रैक के पास एक शव मिलने की सूचना मिली। जांच में मृतक की पहचान खोजराम के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, उनके गले पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान मिले हैं। शरीर पर अन्य चोटें भी पाई गईं। प्राथमिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है।पुलिस लूट और पुरानी रंजिश दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है। बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। मृतक की पत्नी सती नारंग ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे उनके पति का फोन आया था। उन्होंने कहा कि वे शराब दुकान के पास हैं और कुछ लड़कों से कहासुनी हो रही है। फोन पर झगड़े और धक्का-मुक्की की आवाज सुनाई दी, फिर अचानक मोबाइल बंद हो गया।

उसके बाद से खोजराम घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उनकी लाश मिलने की खबर मिली। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा ने परिजनों से मुलाकात की और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से फोन पर बात कराई। मुख्यमंत्री ने मृतक की पत्नी से बात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सरकारी सहायता देने का भरोसा दिलाया।

Next Story