
रायपुर। वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ मस्जिद में कथित रूप से भड़काऊ बयान देना एक इमाम को महंगा पड़ सकता है। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने बिलासपुर के तालापारा स्थित हुसैनी मस्जिद के इमाम सैय्यद जहीर साहब आगा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
वक्फ बोर्ड का कहना है कि पहले से निर्देश देने के बावजूद इमाम ने शुक्रवार की नमाज के बाद मस्जिद में राजनीतिक और भड़काऊ तकरीर की, जो बोर्ड के नियमों का उल्लंघन है। अगर नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं हुआ, तो उनके खिलाफ दंगे भड़काने की कोशिश के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने बताया कि बोर्ड को शिकायत मिली थी कि इमाम ने केंद्र सरकार और वक्फ संशोधन विधेयक का समर्थन करने वाले मुस्लिम समुदाय के लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है और बोर्ड इस पर कड़ी कार्रवाई करेगा।





