छत्तीसगढ़: नकली चेन के बदले असली चेन की ठगी करने वाली शातिर महिला गिरफ्तार

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। भिलाई। ज्वेलरी दुकानों में नकली चेन के बदले में असली चेन की ठगी करने वाली एक शातिर महिला को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला ने पांच दिन पहले दुकान के सहेली ज्वेलर्स में जाकर नकली चेन के बदले में असली जेवर ले लिए थे।
इसके बाद वो बुधवार को पावर हाउस स्थित सहेली ज्वेलर्स में पहुंची थी। लेकिन, दुकान संचालक ने उसे पहचान लिया और पुलिस के हवाले किया। पूछताछ में आरोपित महिला ने ठगी की बात स्वीकार की। उसके खिलाफ धोखाधड़ी के प्रयास की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
छावनी पुलिस ने बताया कि गोकुल नगर दुर्ग निवासी आरोपित मीना देवी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित बीते 17 सितंबर को गांधी चौक दुर्ग स्थित सहेली ज्वेलर्स में गई थी। वहां उसने 79 हजार 299 रुपये के जेवर खरीदे। बदले में उसने एक सोने की चेन दी।
जिसके वजन के हिसाब से उसकी कीमत 86 हजार रुपये हुई। दुकान संचालक सुनील कुमार जैन ने नए जेवर की कीमत काटकर उसे 6700 रुपये और नए जेवर उसे दे दिए। महिला के जाने के बाद दुकान संचालक को संदेह हुआ तो उसने अगले दिन सोने की चेन को गलाकर देखा तो वो नकली निकला। इसके बाद उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से उसकी तस्वीर निकालकर वायरल की।=
वो फोटो पावर हाउस जवाहर मार्केट के सहेली ज्वेलर्स के संचालक व सुनील कुमार जैन के भतीजे मनोज जैन के पास भी थी। बुधवार की शाम को वही महिला मनोज जैन की दुकान पर भी पहुंची। यहां मनोज ने उसे देखकर पहचान लिया और उसे बातों में उलझाकर अपने चाचा सुनील कुमार जैन व छावनी पुलिस को बुला लिया। सुनील जैन ने महिला को देखकर उसे पहचान लिया। इसके बाद छावनी पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने उसने नकली चेन के बदले में असली जेवर खरीदकर धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की। उसके खिलाफ कार्रवाई कर उसे जेल भेजा गया है।





