छत्तीसगढ़
महिला फुटबॉल में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन, झारखंड को हराकर जीता स्वर्ण पदक
Shantanu Roy
2 April 2026 7:01 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए महिला फुटबॉल के फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने संतुलित और मजबूत खेल दिखाया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने कई आक्रमण किए, लेकिन किसी को भी गोल करने में सफलता नहीं मिली और स्कोर 0-0 पर बराबरी पर रहा। पहले हाफ के दौरान दोनों टीमों की डिफेंस लाइन काफी मजबूत रही। खिलाड़ियों ने एक-दूसरे के हमलों को रोकने में पूरी ताकत लगाई, जिससे मुकाबला लगातार रोमांचक बना रहा। दर्शकों को भी दोनों टीमों के बीच बराबरी का खेल देखने को मिला, जहां हर मूव पर उत्साह बना रहा।
दूसरे हाफ में छत्तीसगढ़ की टीम ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए आक्रामक रुख अपनाया। इसका असर भी जल्दी देखने को मिला जब टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इस गोल के बाद झारखंड की टीम ने बराबरी करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन छत्तीसगढ़ की मजबूत डिफेंस के सामने उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
मैच के अंतिम समय तक छत्तीसगढ़ की टीम ने अपनी बढ़त को बनाए रखा और झारखंड को कोई मौका नहीं दिया। अंततः निर्धारित समय के बाद छत्तीसगढ़ ने 1-0 से जीत दर्ज कर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत में टीम के खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन तालमेल और अनुशासन साफ दिखाई दिया। यह मुकाबला पूरे समय दर्शकों के लिए उत्साह और रोमांच से भरा रहा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने मैदान में मौजूद खेल प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया। छत्तीसगढ़ की टीम ने अपने खेल कौशल, संयम और टीमवर्क से जीत हासिल कर अपनी क्षमता का परिचय दिया।
इस अवसर पर खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल एवं युवा कल्याण तनुजा सलाम, खेल विभाग के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और विजेता टीम को बधाई दी। इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ की महिला फुटबॉल टीम ने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई और राज्य के लिए गौरव हासिल किया।
Next Story





