छत्तीसगढ़
अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में उतरने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को तीन लाख रुपए तक की सहायता
jantaserishta.com
20 Nov 2026 5:05 PM IST

x
रायपुर: ओलंपिक, विश्व कप, एशियाड और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को यात्रा खर्च और उच्च गुणवत्ता वाले खेल उपकरणों के लिए तीन लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र खिलाड़ियों से आवेदन मंगाए हैं। योजना में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए यात्रा व्यय और खेल उपकरणों पर होने वाले वास्तविक खर्च अथवा अधिकतम तीन लाख रुपए, दोनों में से जो राशि कम होगी, वह प्रोत्साहन के रूप में दी जाएगी। पात्र खिलाड़ियों से इसके लिए 30 नवम्बर तक आवेदन मंगाए गए हैं।
राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने और आवश्यक खेल संसाधन जुटाने के लिए वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने योजना में खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए यात्रा व्यय के साथ खेल उपकरणों की जरूरतों को भी शामिल किया है। खेल उपकरणों के लिए खिलाड़ी द्वारा मांगी गई राशि या संबंधित उपकरण के बाजार मूल्य में से जो राशि कम होगी, वही मान्य होगी। इस सहायता का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना और उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।
छत्तीसगढ़ का मूल निवासी और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करना अनिवार्य
योजना का लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना और संबंधित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य की ओर से प्रतिनिधित्व करना अनिवार्य है। एक खिलाड़ी को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने संबंधी प्रमाण पत्र एवं चयन पत्र प्रस्तुत करना होगा। यात्रा व्यय की गणना वास्तविक यात्रा टिकट तथा संबंधित प्रमाणों के आधार पर की जाएगी। खेल उपकरणों के लिए अभिप्रमाणित कोटेशन और सामग्री की दरों का विवरण देना अनिवार्य है।
खिलाड़ियों को आवेदन पत्र में अपना नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, आयु, लिंग, खेल का नाम, स्थायी एवं वर्तमान पता, संपर्क विवरण तथा बैंक खाते की जानकारी देनी होगी। संबंधित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का नाम, आयोजन स्थल, देश, प्रतियोगिता की अवधि, चयन पत्र का विवरण और राज्य की ओर से प्रतिनिधित्व करने की जानकारी भी प्रस्तुत करनी होगी। आवेदन में यात्रा खर्च और खेल उपकरणों के लिए दावा की गई राशि का अलग-अलग विवरण देना होगा।
आवेदन के साथ देने होंगे ये दस्तावेज
खिलाड़ियों को आवेदन के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होने का प्रमाण पत्र एवं चयन पत्र, वास्तविक यात्रा टिकट, खेल उपकरणों का अभिप्रमाणित कोटेशन एवं सामग्री दर की प्रति, प्रभारी मंत्री की अनुशंसा या अनुमोदन की प्रति, छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक या रद्द चेक की प्रति तथा आधार कार्ड एवं पासपोर्ट आकार का फोटो संलग्न करना होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक मूल दस्तावेजों के अभाव में आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। अपूर्ण, विलंब से प्राप्त या निर्धारित शर्तों को पूरा नहीं करने वाले आवेदन निरस्त किए जाएंगे। आवेदकों को प्रस्तुत जानकारी की सत्यता संबंधी घोषणा भी करनी होगी। गलत जानकारी पाए जाने पर आवेदन निरस्त किया जा सकेगा और प्राप्त राशि वापस करने का दायित्व खिलाड़ी का होगा। प्रोत्साहन राशि की स्वीकृति के लिए संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग सक्षम प्राधिकारी होंगे।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवम्बर
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने पात्र खिलाड़ियों से 30 नवम्बर तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ संचालक, संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़, सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, खेल भवन, जी.ई. रोड, रायपुर-492001 को अपना आवेदन भेज सकते हैं। आवेदन पत्र एवं अन्य जानकारी विभाग की वेबसाइट www.sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष क्रमांक 0771-2262177, 0771-2262178 तथा ई-मेल [email protected] पर संपर्क किया जा सकता है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





