छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़: ठगड़ा बांध पर 41 करोड़ का ओवर ब्रिज बनकर तैयार, ब्रिज से देख सकेंगे बांध
Rounak Dey
10 Feb 2021 3:13 AM GMT
![छत्तीसगढ़: ठगड़ा बांध पर 41 करोड़ का ओवर ब्रिज बनकर तैयार, ब्रिज से देख सकेंगे बांध छत्तीसगढ़: ठगड़ा बांध पर 41 करोड़ का ओवर ब्रिज बनकर तैयार, ब्रिज से देख सकेंगे बांध](https://jantaserishta.com/h-upload/2021/02/10/941128--41-.webp)
x
फाइल फोटो
दुर्ग। दुर्ग के आनंद नगर से तालपुरी भिलाई के बीच स्थित रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज बनकर तैयार हो गया है। जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा। ओवर ब्रिज शुरू होने के साथ ही दुर्ग से भिलाई आवागमन सुविधाजनक हो जाएगा। इस मार्ग पर रेलवे फाटक बंद होने की वजह से लोगों को वर्तमान में आवागमन में दिक्कत होती है।
71 साल पुराने ठगड़ा बांध के निकट दुर्ग से तालपुरी भिलाई की ओर जाने वाले मार्ग पर रेलवे फाटक स्थित हैै। आवागमन को सुविधाजनक बनाने की दृष्टकोण से उक्त फाटक के ऊपर ओवर ब्रिज निर्माण का काम वर्ष 2019 में शुरू किया गया था। जिसका निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है।
41करोड़ की लागत से निर्मित यह ब्रिज 37 पिलरों पर टिका हुआ है। ब्रिज की लंबाई 1001.84 मीटर,चौड़ाई 13 मीटर और ऊंचाई करीब 9.50 मीटर बताई जा रही है। ब्रिज पर आवागमन शुरू होते ही इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों की संख्या में गुजरने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
समय के साथ ईंधन की भी बचत होगी। विधायक अरुण वोरा ने बताया कि ओवरब्रिज बनकर तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जल्द ही इसका लोकार्पण कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि उक्त ब्रिज का निर्माण के लिए विधायक अरुण वोरा ने पहल की थी। यहां एक अंडर ब्रिज का भी निर्माण किया जाना है। इसके लिए शासन ने 11 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है।
ब्रिज से देख सकेंगे बांध
नगर निगम द्वारा 14 करोड़ रुपये की लागत से ठगड़ा बांध का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। यहां बच्चों के लिए प्ले ग्राउंड,गार्डन,मल्टीपरपस हाल, वाटर व्यू, मैरिज पैलेस, बोटिंग और आइलैंड विकसित किया जाना है। सुंदरीकरण होने के बाद बांध की रौनकता और बढ़ जाएगा। ओवरब्रिज से बांध के सुंदरीकरण को भी देखा जा सकेगा।
चार रेलवे फाटक पर बन चुका है ब्रिज
दुर्ग शहर में चार रेलवे फाटक है जिसमें से दो में ओवर ब्रिज और एक में वायशेप ब्रिज का निर्माण हो चुका है। रामनगर उरला और बघेरा स्थित रेलवे फाटक में न ही अंडर ब्रिज का निर्माण हुआ है और न ही ओवरब्रिज का। धमधा नाका स्थित रेलवे फाटक पर वर्षों पहले ओवरब्रिज का निर्माण हो चुका है।
वर्तमान में यहां अंडरब्रिज का निर्माण चल रहा है। रायपुर नाका में दो रेलवे फाटक है। यहां वायशेप ओवरब्रिज का निर्माण किया जा चुका है। वर्तमान में रायपुर नाका के कातुलबोर्ड की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक के निकट एक अंडरब्रिज निर्माण का काम भी चल रहा है। दूसरा ओवरब्रिज का निर्माण ठगड़ा बांध पर किया गया है।
Next Story